उज्जैन, चिमनगंज अनाज मंडी के कतिपय व्यापारियों द्वारा मंडी अधिनियम का खुल्ला उल्लंघन कर अवैध रूप से मोहन नगर क्षेत्र की ओर दरवाजे खोलकर अनाज का अवैध परिवहन जहां कर रहे हैं वहीं नगर निगम द्वारा बनाए गए फुटपाथ और उस पर लगे रैलिंग को भी क्षतिग्रस्त कर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
यह जानकारी देते हुए संस्कृतिक रक्षक मंच के विशाल शर्मा, प्रदीप माली, पवन तिवारी ने बताया कि नगर निगम द्वारा क्षेत्रीय रहवासियों की मांग पर चिमनगंज मंडी के पीछे मोहन नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाकर फुटपाथ बनाकर रैलिंग बनाई गई थी, जो मंडी के कतिपय उन व्यापारियों को रास नहीं आ रही है क्योंकि इनके द्वारा मंडी अधिनियम का उल्लंघन करते हुए पिछले दरवाजों से प्रतिदिन अनाज का अवैध परिवहन करते हुए ट्रकों में बिना शासन को शुल्क अदा किए अनाज ले जाया जा रहा है और इनके द्वारा ट्रकों में माल की लोडिंग करते हुए रैलिंग व फुटपाथ को क्षतिग्रस्त जानबूझकर किया जा रहा है। इतना ही नहीं अतिक्रमण कर कुछ गैरेज संचालकों द्वारा सड़क पर भारी वाहनों का सुधार कार्य किया जा रहा है। इन वजहों से निगम की शासकीय संपत्ति का नुकसान पहुंच रहा है।
आपने बताया कि स्थानीय रहवासियों द्वारा कई बार कलेक्टर,चिमनगंज मंडी सचिव, नगर निगम आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों से इस अवैध कृत्य को रोकने की मांग की गई पर इनके द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। इन्हीं बातों से कतिपय आसमाजिक लोगों के हौसले बुलंद हैं और उनके द्वारा एक बार फिर रैलिंग को तोड़ दिया गया। इतना ही नहीं टूटी रैलिंग को भी गायब कर दिया गया। आपने कहा कि अगर अवैध कृत्य करने वाले लोगों पर कार्यवाही नहीं की गई तो मजबूरन क्षेत्रीय रहवासियों को चक्काजाम करना पड़ेगा। साथ ही नगर निगम आयुक्त द्वारा भी निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद भी चुप्पी साधे रहना समझ से परे है।
