धार्मिक नगरी उज्जैन में शिवसेना युवासेना का ऐतिहासिक महासंगम, राष्ट्रीय सचिव किरण दादा साली का हुआ भव्य स्वागत

उज्जैन, धार्मिक नगरी उज्जैन में शिवसेना युवासेना (शिंदे गुट) का एक विशाल और ऐतिहासिक महासंगम संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिवसेना युवासेना के राष्ट्रीय सचिव किरण दादा साली का बाबा महाकाल की नगरी में प्रथम प्रवास हुआ। उनके इस आगमन को ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाने के लिए शिवसेना युवासेना मध्य प्रदेश द्वारा ‘युवा महोत्सव’, ‘प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक’ और ‘संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन’ का भव्य आयोजन मोनी तीर्थ गंगा घाट पर किया गया। कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व राष्ट्रीय सचिव किरण दादा साली ने विश्व प्रसिद्ध भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

भव्य स्वागत से गूंज उठी नगरी* शिवसेना युवासेना मध्य प्रदेश के राज्य प्रमुख अनुराग सोनार ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय सचिव किरण दादा साली के स्वागत के लिए पूरे उज्जैन शहर को विशेष रूप से सजाया गया था। स्वागत मार्ग पर जगह-जगह तोरण द्वार, बैनर और होर्डिंग्स लगाए गए थे, जहाँ कार्यकर्ताओं ने ढोल-धमाकों, पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों के साथ उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। इस महासंगम को सुव्यवस्थित, अनुशासित और प्रभावी ढंग से संपन्न करने के लिए संगठन के वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। इस आयोजन में मध्य प्रदेश के सभी जिलों से भारी संख्या में ऊर्जावान पदाधिकारी और जुझारू कार्यकर्ता उज्जैन पहुंचे, जिससे मोनी तीर्थ क्षेत्र में कार्यकर्ताओं का एक विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा।

*भजन संध्या में बही भक्ति की रसधारा*
महासंगम के विशेष आकर्षण के रूप में प्रसिद्ध भजन सम्राट पंडित रूपम जोशी द्वारा एक शाम बाबा महाकाल के नाम भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। पंडित रूपम जोशी ने अपनी सुमधुर आवाज में एक से बढ़कर एक भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिस पर उपस्थित सभी अतिथि और हजारों कार्यकर्ता झूमने पर मजबूर हो गए। पूरे माहौल को शिवभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

*वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित *
सम्मेलन के दौरान आयोजित मुख्य कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव किरण दादा साली ने कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार किया। उन्होंने संगठन की मजबूती, आगामी कार्ययोजना और युवाओं को राष्ट्रहित व समाजसेवा से जोड़ने के संकल्प पर बल दिया। उनके साथ ही राज्य प्रमुख अनुराग सोनार, वरिष्ठ नेता दिनेश विश्वकर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित शर्मा, राज्य महासचिव सुनील वर्मा और राजेश पटेल, हितेश राज आदि ने भी मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विचारों और जनहितैषी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।