उज्जैन,कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली गई।
बैठक में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान नगर पालिक निगम को निर्देश दिए गए कि पेयजल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। समय-समय पर इसकी जांच की जाएं। पानी की टंकियों की सफाई भी समय-समय पर करवाई जाए। शहरी क्षेत्रों में पंप के द्वारा जब पानी की टंकियां भरी जाती हैं, उस समय विद्युत प्रदाय निर्बाध रूप से किया जाए। सीएम हेल्प लाईन में पेयजल से संबंधित शिकायत आने पर तुरंत संज्ञान में लेकर संतुष्टिपूर्वक समस्या का निराकरण करें। सभी एसडीएम यह सुनिश्चित करें कि शहरी क्षेत्र में कहीं भी यदि दूषित पेयजल से संबंधित शिकायत प्राप्त होती है, तो तुरंत उस पर कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा समस्त विकासखण्डों में पेयजल के स्टॉक की समीक्षा की गई। लोकनिर्माण विभाग, पीएमजेएसवाय और एमपीआरडीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क निर्माण के दौरान वहां पर स्थित पानी की पाईप लाइन का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण के दौरान पाइप लाईन क्षतिग्रस्त ना हो यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जनगणना 2026-27 के अंतर्गत जिले में अब तक हुई प्रक्रिया के सफलता पूर्वक और समय सीमा में पूर्ण होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को बधाई दी और अगले चरण में भी इसी प्रकार कार्य संपादित करवाने के निर्देश दिए। जनगणना में नागदा ग्रामीण क्षेत्र में अच्छा कार्य होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने सराहना की। सभी एसडीएम, तहसीलदार और नगर निगम के अधिकारी व जनगणना के जिला मास्टर ट्रेनर को कलेक्टर श्री सिंह ने बधाई दी।
तराना और खाचरौद में उद्योगों की स्थापना के लिए जमीन का चिन्हांकन किए जाने के निर्देश दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी की टंकी निर्माण और इस प्रकार की अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के अंतर्गत भूमि आवंटन के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
लोकसेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान तहसीलदार बडनगर और एसडीएम उज्जैन शहर को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री सिंह ने समस्त एसडीएम और सीईओ जनपद पंचायत को निर्देश दिए कि लोकसेवा गारंटी अधिनियम में प्राप्त प्रकरणों की वे स्वयं मॉनिटरिंग करें। यदि कोई भी प्रकरण निर्धारित तिथि से अधिक लंबित पाया जाता है तो संबंधीत अधिकारी के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान खाद्य विभाग, एमपीबी, राजस्व, वित्त विभाग, श्रम, लोक निर्माण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग में शिकायतें लंबित पाए जाने पर इनका शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि पुरानी शिकायतों का शीघ्र निराकरण किया जाए। ये अधिक समय तक लंबित न रहें, सभी एसडीएम और तहसीलदार इस ओर विशेष ध्यान दें। समस्त शिकायतें संतुष्टिपूर्वक बंद की जाएं।
कलेक्टर श्री सिंह द्वारा जन आंकाक्षा पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की गई। समस्त सीएमओ को निर्देश दिए गए कि रेन वॉटर हार्वेस्टिंग के अंतर्गत अधिक से अधिक घरों में यह सिस्टम लगाया जाए। इसमें तेजगति से कार्य किया जाए। बलराम तालाब योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए गए और इसकी एंट्री पोर्टल पर करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जलगंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगवाड़ी केंद्रों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और पोषण वाटिका के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। एमएसएमई को औद्योगिक क्षेत्र में वृहद स्तर पर पौधा रौपण करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को पौधा रोपण करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए।
जिले में उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा निर्माणरत सांदीपनि विद्यालयों की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि घट्टिया, झारडा और तराना में भवन निर्माणाधीन है। कलेक्टर श्री सिंह ने समयसीमा में इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए। एमपीईबी को निर्देश दिए गए कि ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर उपयुक्त स्थानों पर लगाए जाए जिससे किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। सबस्टेशन शासकीय भूमि का चिन्हांकन कर वहां पर स्थापित किए जाए।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि राजस्व से संबंधित शिकायतों का समयसीमा में निराकरण किया जाए। राजस्व अधिकारियों के साथ की जाने वाली बैठक में जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की जाएगी।
बैठक में डीपीसी (लोकशिक्षण), सामाजिक न्याय विभाग, सीएमओ बडनगर द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी पॉवर पाइंट प्रजेन्टेशन के माध्यम से दी गई। ज्ञात हो कि टीएल बैठक में प्रति सप्ताह विभिन्न विभागों द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों के बारे में पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी जाती है। डीपीसी द्वारा उल्लास, नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के बारे में बताया गया तथा प्रौढ़ साक्षरता मिशन के बारे में जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकाओं को भी अभियान से जोड़े जाने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत जिन्हें शिक्षित किया गया है उन्हें क्या लाभ हुए हैं और रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। इसकी भी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सामाजिक न्याय विभाग द्वारा मानसिक रूप से अविकसित बच्चों के आवासीय विद्यालय हामूखेड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री सिंह ने यहां से लाभान्वित हुए बच्चों और उनके माता-पिता से फीडबेक लेकर इसकी पॉजिटिव स्टोरी जारी करने के निर्देश दिए।
सीएमओ बडनगर द्वारा जलगंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत किए गए उल्लेखनीय कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी घरों में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत भूजल स्तर में क्या सकारात्मक परिवर्तन आए हैं तथा जल स्त्रोतों के जीर्णोंद्धार से संबंधित कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। अधिक से अधिक लोगों को जल संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक किया जाए।
कलेक्टर श्री सिंह द्वारा सीएम हेल्प लाईन में प्राप्त प्रकरणों को संतुष्टिपूर्वक और समयसीमा में निराकरण कर अच्छा प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, अपर आयुक्त नगर निगम श्री संतोष टेगौर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा, एसडीएम, तहसीलदार और सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
