बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष के भ्रमण में बच्चों की शिकायत पर होमगार्ड सैनिक व अधीक्षक को हटाया

उज्‍जैन, मध्यप्रदेश बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती निवेदिता शर्मा और सदस्य श्रीमती सोनम निनामा द्वारा बाल सम्प्रेषण गृह के आकस्मिक निरीक्षण में बच्चों द्वारा होमगार्ड सैनिक एवं अधीक्षक द्वारा दुर्व्यवहार की शिकायत किए जाने पर अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है जबकि होमगार्ड के पूरे दल को तुरंत हटाने के लिए कमांडेंट को पत्र लिखा गया है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी द्वारा की गई इस कार्यवाही के साथ-साथ 5 सदस्यीय जांच दल का भी गठन किया गया है जो एक सप्ताह में अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगा। उल्लेखनीय है कि बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती निवेदिता शर्मा एवं सदस्य श्रीमती सोनम निनामा ने दो दिवसीय जिले के प्रवास बाल संप्रेक्षण गृह का भ्रमण किया गया था। जिसमें बालकों द्वारा होमगार्ड सैनिक द्वारा दुर्व्यवहार करने की शिकायत समक्ष में की गई। उस शिकायत पर पारस्परिक कथन में अधीक्षक की लापरवाही भी पाई गई जिससे श्री मेहताब सिंह परस्ते को वहां से उनकी मूल पदस्थापना स्थल वापिस कर दिया गया है, जबकि समूचे होमगार्ड सैनिक दल को तत्काल वहां से हटाने पर जिला कमांडेंट द्वारा भी कार्यवाही आरंभ कर दी है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी द्वारा बताया गया कि बाल गृह के प्रभारी श्री लोकेंद्र सोलंकी को आगामी आदेश तक संप्रेक्षण गृह का प्रभार दिया गया है। इसी प्रकार रेलवे चाइल्ड लाइन में कोई स्टाफ पदस्‍थ नहीं होने से श्री ऋषि डोंगरे को चाइल्ड लाइन रेलवे का प्रभार सौंपा गया है।