उज्जैन, आगामी सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए विशेष पुलिस महानिदेशक श्री उपेन्द्र जैन द्वारा उज्जैन में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, क्राउड फेसीलिटेशन, सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया।
*▪️महाकाल मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण*-
समीक्षा बैठक के उपरांत विशेष पुलिस महानिदेशक श्री उपेन्द्र जैन के नेतृत्व में सभी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से श्री महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की संभावित आवाजाही, दर्शन व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, यातायात संचालन, पार्किंग प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया गया । अधिकारियों द्वारा सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
*▪️नईखेड़ी रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं का अवलोकन*-
इसके पश्चात अधिकारियों द्वारा नईखेड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचकर वहां प्रस्तावित विकास कार्यों एवं प्रारंभिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सिंहस्थ अवधि में रेलवे स्टेशन पर संभावित यात्री दबाव, यात्री सुविधाओं, यातायात समन्वय, पार्किंग व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधन से संबंधित आवश्यकताओं का आकलन किया गया। साथ ही संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं समन्वित रूप से कार्य करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
*▪️श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर*-
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान यह निर्णय लिया गया कि सिंहस्थ-2028 के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए यातायात, पार्किंग, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाएगा। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तैयारियों को पूर्ण करेंगे।
*▪️उपस्थित अधिकारीगण*-
समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री उपेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन श्री राकेश गुप्ता, संभागायुक्त उज्जैन श्री आशीष सिंह,पुलिस उपमहानिरीक्षक उज्जैन रेंज श्री नवनीत भसीन, कलेक्टर उज्जैन श्री रोशन सिंह, पुलिस अधीक्षक उज्जैन श्री प्रदीप शर्मा, प्रशासक श्री महाकालेश्वर मंदिर श्री प्रथम कौशिक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पूर्व) श्री आलोक शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) श्री गुरु प्रसाद पराशर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।