उज्जैन, नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन को जमीनी और बूथ स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को एक निजी रिसॉर्ट में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत हुई। संगठन सृजन अभियान के इस द्वितीय चरण में जिले के 275 मंडलम और ब्लॉक अध्यक्षों को पार्टी की रीति-नीति और आगामी रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया। यहां मीडिया का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहा और सत्रों के दौरान सभी पदाधिकारियों के मोबाइल फोन बंद करा दिए गए।
बौद्धिक सत्रों में मिला जीत का मूलमंत्र
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला और शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित शिविर के प्रथम दिन की शुरुआत अनिवार्य पंजीयन और वंदे मातरम गान के साथ हुई। इसके बाद 45-45 मिनट के विभिन्न बौद्धिक सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सह प्रभारी एवं सचिव संजय दत्त और प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कामले ने पदाधिकारियों को संबोधित कर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के निर्देश दिए। सत्रों के दौरान विषय विशेषज्ञों ने भी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। सैयद इनायत अली ने संविधान के मूल स्वरूप और अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला, जबकि अपूर्व भारद्वाज ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) के बेहतर उपयोग को लेकर पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया।
महापुरुषों को नमन और एकजुटता का संदेश
शाम के सत्र में महात्मा गांधी और डॉ. बी.आर. अंबेडकर के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर विधायक महेश परमार और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन में एकजुटता का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला प्रभारी चंद्र सिंह सोंधिया, शहर प्रभारी अमित शर्मा, महिदपुर विधायक दिनेश जैन बोस, शहर संगठन महामंत्री अजय राठौर, जिला संगठन महामंत्री राजेंद्र व्यास आदि मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों के लिए रिसॉर्ट में ही रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।
आज होगा श्रमदान और तय होंगी जिम्मेदारियां
नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि शिविर के दूसरे दिन शुक्रवार की शुरुआत सुबह समीप के ग्रामीण क्षेत्र में श्रमदान से होगी। सभी कार्यकर्ता श्रमदान कर एकजुटता का संदेश देंगे। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया जाएगा और फिर से बौद्धिक सत्रों की शुरुआत होगी। इन सत्रों में आगामी तीन माह के कार्यक्रमों और रणनीतियों को लेकर जमीनी स्तर की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। शुक्रवार शाम को शिविर का समापन होगा।
