उज्जैन, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट द्वारा मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई करते हुए प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए गए।
चिमनगंज मंडी निवासी देवी प्रसाद ने आवेदन दिया कि वे काफी वृद्ध हो चुके हैं और शारीरिक रूप से भी अक्षम हैं। अतः उन्हें शासन की ओर से पेंशन दिलवाई जाए। इस पर संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण को प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
घट्टिया के ग्राम कालुखेड़ी निवासी रमेश पिता उमराव ने आवेदन दिया कि उनकी निजी भूमि पर गांव में रहने वाले कुछ अन्य लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। तहसीलदार द्वारा कब्जा दिलवाए जाने के बाद पुनः भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। इस पर एसडीओ राजस्व घट्टिया को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
झारड़ा के ग्राम सेकली निवासी चंदन लाल पिता ओमकार ने आवेदन दिया कि पड़ोसी कृषक द्वारा उनकी शासकीय पट्टे पर प्रदाय की गई 0.50 हेक्टेयर भूमि पर कब्जा कर लिया गया है तथा विरोध करने पर आवेदक के साथ झगड़ा और मारपीट की जा रही है। इस पर तहसीलदार झारड़ा को शीघ्र प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
बड़नगर के ग्राम बंगरेड़ निवासी नेहरू बोड़ाना ने आवेदन दिया कि कुछ लोगों द्वारा उनके घर के कुछ मवेशियों को चुरा लिया गया है, जिसके कारण उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। इस पर एसडीओपी पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
घट्टिया के ग्राम झितरखेड़ी निवासी राधेश्याम ने आवेदन दिया कि स्थानीय सहकारी बैंक में उनका खाता है। उनके द्वारा आवश्यकता पड़ने पर कुछ ऋण लिया गया था, जिसे समय पर चुका भी दिया गया था, परंतु बैंक द्वारा अभी भी उनके ऊपर बकाया राशि निकाली जा रही है। इस पर सीईओ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार एडीएम श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा और अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।