ग्राम बांदका में हुई वारदात के कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन, उज्जैन जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने एवं आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी हेतु दिए गए निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आलोक कुमार शर्मा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री भारत सिंह यादव के मार्गदर्शन में थाना घट्टिया पुलिस द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर तलवार एवं लाठी से हमला करने वाले दो आरोपियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।

फरियादी जीवन सिंह पिता मनोहर सिंह उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम बांदका द्वारा थाना/चौकी पानबिहार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात्रि में वह अपने भाई उत्तम सिंह एवं परिवारजनों के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते रिश्तेदार बहादुर सिंह हाथ में तलवार एवं उसका पुत्र कृष्णपाल लाठी लेकर जबरन घर में घुस आए तथा गाली-गलौज करने लगे।

फरियादी एवं परिजनों द्वारा विरोध करने पर आरोपी बहादुर सिंह ने उत्तम सिंह पर तलवार से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसके बाएं हाथ में गहरा घाव हुआ। बीच-बचाव करने आई उनकी माता कौशल्या बाई के साथ आरोपी कृष्णपाल द्वारा लाठी से मारपीट की गई, जिससे उनके दोनों पैरों के घुटनों में गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई। घायलों को उपचार हेतु तत्काल शासकीय अस्पताल घट्टिया ले जाया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना घट्टिया पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपीगण बहादुर सिंह एवं कृष्णपाल के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा त्वरित घेराबंदी कर वारदात के कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

उक्त सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक करण खोवाल, चौकी प्रभारी जयंत डामोर, एएसआई रमाकांत मीणा, आरक्षक रोहित, सैनिक शैलेंद्र सिंह एवं विक्रम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।