मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, नागपुर एवं गुजरात तक जुड़े नेटवर्क की जांच जारी

उज्जैन, उज्जैन पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध की गई कार्रवाई में पंकज पिता श्यामराव चरडे, उम्र 34 वर्ष, निवासी प्रभा सिटी, पवनगांव, नागपुर (महाराष्ट्र) को लगभग 1 किलोग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी के नेटवर्क, वित्तीय गतिविधियों एवं संपर्क सूत्रों की विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर उज्जैन पुलिस की एक विशेष टीम नागपुर भेजी गई, जहां आरोपी के कथित अवैध कारोबार एवं उससे अर्जित संपत्तियों की जांच की गई।

जांच में यह पाया गया कि आरोपी द्वारा अवैध गतिविधियों से अर्जित धनराशि से खरीदी गई एक मर्सिडीज कार क्रमांक MH-02-EK-1611 का उपयोग किया जा रहा था। उक्त वाहन को पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए जब्त किया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित रूप से मादक पदार्थ तस्करी के साथ-साथ हवाला कारोबार में भी संलिप्त था। जांच के दौरान यह तथ्य भी प्रकाश में आया कि आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में करण नामक व्यक्ति के संपर्क में रहता था। आगे की जांच में यह पाया गया कि करण, सचिन पटेल पिता अंबालाल पटेल, उम्र 36 वर्ष, निवासी कुक्कड़वाड़ा, मीरापुरा तहसील, विजापुर, जिला मेहसाणा (गुजरात) के साथ मिलकर कार्य करता था।

पुलिस द्वारा उक्त व्यक्तियों के आपसी संबंधों, वित्तीय लेन-देन, मादक पदार्थ आपूर्ति श्रृंखला तथा नेटवर्क में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। मामले में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उज्जैन पुलिस मादक पदार्थ तस्करी एवं उससे जुड़े संगठित अपराधों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। मामले की विवेचना निरंतर जारी है।