उज्जैन, थाना चिमनगंज मंडी पुलिस द्वारा संदेहास्पद मृत्यु के एक प्रकरण में की गई गंभीर एवं तकनीकी विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। प्राप्त साक्ष्यों एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर एक आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है तथा प्रकरण में विस्तृत विवेचना जारी है।
*🔹संक्षिप्त घटना विवरण :-*
दिनांक 17.06.2026 को सूचनाकर्ता अनिल कुमार जोशी निवासी जावरा, जिला रतलाम द्वारा सूचना दी गई कि उनके बड़े भाई सुनील जोशी उर्फ गंगेश्वर गिरी, जिन्होंने वर्ष 2010 में सन्यास ग्रहण कर लिया था, पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से मंगलनाथ मंदिर के सामने स्थित एक कुटिया में निवासरत थे। दिनांक 10.06.2026 को उनके रिश्तेदार पवन शर्मा की गंगेश्वर गिरी से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके दौरान किसी विवाद जैसी आवाजें सुनाई दी थीं। इसके पश्चात उनका मोबाइल फोन बंद आने लगा।
दिनांक 17.06.2026 को जब सूचनाकर्ता कुटिया पर पहुंचे तो वहां सामान बिखरा हुआ मिला। पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि दिनांक 11.06.2026 को गंगेश्वर गिरी कुटिया में मृत अवस्था में पाए गए थे। उक्त सूचना पर थाना चिमनगंज मंडी पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
*🔹पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही :-*
मर्ग जांच के दौरान पुलिस द्वारा मृतक के मोबाइल नंबर की जानकारी प्राप्त कर उसकी तकनीकी जांच की गई। कॉल डिटेल रिकॉर्ड एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने पर यह तथ्य सामने आया कि घटना दिनांक को मृतक गंगेश्वर गिरी द्वारा डायल-112 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई गई थी।
डायल-112 पर की गई शिकायत में मृतक ने बताया था कि *कौशिक पिता शशि भूषण सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी शिवांश पैराडाइज* नामक व्यक्ति द्वारा मामूली विवाद के दौरान उन पर पानी की केन फेंकी गई, जिससे उनके सीने में चोट आई है। कॉल के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा उनसे विस्तृत चर्चा कर उन्हें आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी गई थी। मृतक द्वारा अगले दिन थाना आने की बात कही गई थी, लेकिन वह रिपोर्ट हेतु थाना उपस्थित नहीं हुए एवं उनकी मृत्यु हो गई।
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा संबंधित व्यक्तियों के कथन लिए गए। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त कर उसका परीक्षण किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया कि मृतक की मृत्यु सीने पर लगी गंभीर चोट के कारण हुई थी।
डायल-112 शिकायत, तकनीकी साक्ष्य, गवाहों के कथन एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित संपूर्ण विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर *कौशिक पिता शशि भूषण सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी शिवांश पैराडाइज* इसका एक की भूमिका प्रथम दृष्टया स्थापित पाए जाने पर उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा प्रकरण के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।