उज्जैन, जिला पंचायत के तत्वावधान में सोमवार को जनसेवा प्रहरियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आलोक शर्मा, जिला परिवहन अधिकारी श्री संतोष मालवीय, जिला पंचायत सदस्य श्री शोभाराम मालवीय, जनपद पंचायत उज्जैन की अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री चौधरी, श्री वीरेंद्र आंजना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सिंह ने जनसेवा प्रहरियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “सड़क दुर्घटना के समय त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।” उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से समाजसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांस कूमट ने जनसेवा प्रहरियों की भूमिका, दायित्वों एवं प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आलोक शर्मा ने सड़क दुर्घटना स्थल पर अपनाई जाने वाली सावधानियों, सुरक्षा उपायों तथा त्वरित सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने दुर्घटना के दौरान प्राथमिक उपचार, सीपीआर (CPR) की विधि तथा घायलों को तत्काल राहत पहुंचाने के व्यावहारिक प्रदर्शन किए। जिला परिवहन अधिकारी श्री संतोष मालवीय ने प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने वाले वॉलंटियरों को दिए जाने वाले प्रोत्साहन एवं सहायता राशि की जानकारी प्रदान की।
इस प्रशिक्षण में उज्जैन-इंदौर राजमार्ग से लगे विभिन्न ग्राम पंचायतों के लगभग 150 प्रतिभागी, सरपंचों एवं ग्राम पंचायत सचिवों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री संदीप यादव, परियोजना अधिकारी जिला पंचायत श्री अजय कुमार भालसे एवं श्री अंकित बिसेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण सड़क दुर्घटनाओं में समय पर मदद सुनिश्चित करने और आमजन की जीवन रक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की एक सार्थक पहल है।