उज्जैन रेंज के चार जिलों के 117 प्रकरणों में जब्त लगभग 22.49 क्विंटल मादक पदार्थ को किया गया नष्ट

उज्जैन,मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत उज्जैन रेंज में मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए ड्रग विनष्टीकरण समिति, उज्जैन रेंज द्वारा एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण किया गया।

इस कार्रवाई में उज्जैन, देवास, शाजापुर एवं आगर-मालवा जिलों के कुल 117 प्रकरणों में जब्त लगभग *22 क्विंटल 45 किलो 915 ग्राम मादक पदार्थों* का नियमानुसार निस्तारण किया गया, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत *लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये* है।

🔹उज्जैन पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज *39 प्रकरणों में जब्त कुल 3 क्विंटल 66 किलो 988 ग्राम मादक पदार्थों* का सफलतापूर्वक विनष्टीकरण कराया गया। इसके अतिरिक्त 01 प्रकरण में जब्त 902 ग्राम अफीम को नियमानुसार सुरक्षित भंडारण हेतु अधिकृत भंडारण केंद्र में जमा कराया गया।

ड्रग विनष्टीकरण समिति द्वारा शुक्रवार को एनडीपीएस एक्ट के 112 प्रकरणों में जब्त 2245.915 किलोग्राम मादक पदार्थों को *विक्रम सीमेंट फैक्ट्री, खोर-नयागांव (जिला नीमच)* की उच्च तापमान वाली भट्टी में पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए पूर्णतः नष्ट किया गया। वहीं 05 गंभीर प्रकरणों में जब्त 3.967 किलोग्राम अफीम को सुरक्षित भंडारण हेतु नीमच स्थित अल्कालाइड फैक्ट्री में जमा कराया गया।

▪️संपूर्ण कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक, उज्जैन रेंज एवं अध्यक्ष, ड्रग विनष्टीकरण समिति श्री नवनीत भसीन के मार्गदर्शन एवं निगरानी में तथा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उज्जैन के वैज्ञानिक अधिकारी श्री एस.के. गुप्ता की उपस्थिति में विधिसम्मत रूप से संपन्न कराई गई।

उज्जैन पुलिस द्वारा लगातार मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध विनष्टीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

*🔹उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि मादक पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय, परिवहन अथवा भंडारण संबंधी किसी भी सूचना की तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।