एक वर्ष से फरार ₹10,000 का इनामी पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन, महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना घट्टिया पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना कोतवाली, जिला सीहोर के एक वर्ष से फरार एवं ₹10,000 के इनामी आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना घट्टिया पुलिस ने गिरफ्तार कर संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द किया।

दिनांक 04.07.2026 को थाना कोतवाली, जिला सीहोर से थाना घट्टिया पुलिस को मोबाइल के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि अपराध क्रमांक 189/2025 में फरार आरोपी पिंटू उर्फ अरविंद, उम्र 22 वर्ष, निवासी भवरा, थाना आष्टा, जिला सीहोर, जो धारा 137(2), 64, 87 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 5(एल)/6 पॉक्सो एक्ट के प्रकरण में विगत लगभग एक वर्ष से फरार चल रहा है तथा जिस पर ₹10,000 का इनाम घोषित है, वह घट्टिया क्षेत्र से होकर गुजरने वाला है।

सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी करण खोवाल के निर्देशन में तत्काल पुलिस टीम गठित कर संभावित स्थानों पर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम द्वारा निपानिया टोल प्लाजा के पास सतर्कता एवं मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना तत्काल थाना कोतवाली, जिला सीहोर को दी गई, जिसके उपरांत आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।

🔹 *सराहनीय भूमिका* :
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी करण खोवाल, उपनिरीक्षक प्रवेश जाटव, प्रधान आरक्षक मनोज श्रीवास्तव, आरक्षक कमल मालवीय एवं सैनिक आत्माराम चौहान की सराहनीय भूमिका रही।