उज्जैन, पुलिस की तत्परता, तकनीक का प्रभावी उपयोग और संवेदनशील कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब ऑटो-रिक्शा में भूलवश छूटे लगभग ₹20 हजार मूल्य के कपड़ों को थाना माधव नगर पुलिस ने कंट्रोल रूम की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कुछ ही समय में खोज निकाला और सुरक्षित रूप से महिला को वापस सौंप दिया।
फ़रियादी श्रीमती जया किशोर, खरीदारी करने के पश्चात लगभग ₹20,000 मूल्य के नए कपड़े ऑटो-रिक्शा में ही भूल गईं। सामान खोने की सूचना मिलते ही थाना माधव नगर पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए कंट्रोल रूम प्रभारी के सहयोग से क्षेत्र के विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया।
लगातार प्रयासों के बाद संबंधित ऑटो-रिक्शा की पहचान कर उसे खोज निकाला गया। पुलिस टीम ने ऑटो चालक से संपर्क कर महिला का पूरा सामान सुरक्षित बरामद किया तथा बिना किसी विलंब के श्रीमती जया किशोर को सुपुर्द किया।
इस सराहनीय कार्यवाही का नेतृत्व थाना प्रभारी माधव नगर श्री गजेन्द्र पचौरिया के निर्देशन में थाना माधव नगर पुलिस टीम ने किया। पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यशैली से महिला को समय पर उनका कीमती सामान वापस मिल गया, जिस पर उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
माधव नगर पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर है।