कलेक्टर श्री सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ बाबा महाकाल की सवारी मार्ग का किया निरीक्षण

उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने श्रावण-भाद्रपद मास में निकलने वाली भगवान श्री महाकालेश्वर की पारंपरिक सवारियों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सोमवार रात्रि में विभागीय अधिकारियों के साथ संपूर्ण सवारी मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक श्री प्रथम कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने महाकाल मंदिर के शहनाई द्वार से महाकाल घाटी, गुजरी चौराहा, रामघाट, कहारवाड़ी, कार्तिक चौक, श्री सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार, पुनः गुजरी चौराहा, महाकाल घाटी होते हुए शहनाई द्वार तक संपूर्ण सवारी मार्ग का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रथम सवारी, जो 3 अगस्त को निकलेगी, उससे पूर्व सवारी मार्ग पर संचालित सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने हरसिद्धि की पाल से रामघाट तक प्रगतिरत सड़क चौड़ीकरण कार्य की विशेष समीक्षा करते हुए नगर निगम के अधिकारियों एवं अभियंताओं को प्रतिदिन कार्यों की मॉनिटरिंग करने, पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए 20 जुलाई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने सवारी मार्ग पर स्थित जर्जर एवं असुरक्षित भवनों को चिन्हित कर जनसुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को सवारी मार्ग की साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि भगवान श्री महाकालेश्वर की पारंपरिक सवारी सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण वातावरण में भ्रमण करे।