सांसद श्री फिरोजिया की अध्यक्षता में दिशा की बैठक सम्पन्न

उज्जैन, सांसद श्री अनिल फिरोजिया की अध्यक्षता में बुधवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में विगत बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा के दौरान सांसद श्री फिरोजिया ने निर्देश दिए कि एम.आर. 05 सड़क क्षेत्र में ट्रेचिंग ग्राउंड के पास स्थित नाले से स्थानीय लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, इसका शीघ्र निराकरण किया जाए।

कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि आगामी सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत 04 नवीन ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। जूना सोमवारिया में स्थित जो भी ऊँचे चेंबर थे, उन्हें नीचे करवाया गया है।

सांसद श्री फिरोजिया ने निर्देश दिए कि गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाले लोगों के लिए निगम/बोर्ड/प्राधिकरण की कॉलोनियों में ई.डब्ल्यू.एस. के जो भी मकान रिक्त हैं, वे शीघ्र-अतिशीघ्र पात्र हितग्राहियों को आवंटित किए जाएँ। नई कॉलोनियों के निर्माण के दौरान इनमें सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने जानकारी दी कि इस संबंध में स्थानीय कॉलोनाइजरों के साथ कार्यशाला का आयोजन किया गया है।

सिंहस्थ 2028 के अंतर्गत जो भी कार्य किए जा रहे हैं, उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश सांसद द्वारा दिए गए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भगवान श्री महाकालेश्वर की श्रावण और भादौ माह में निकलने वाली सवारी को ध्यान में रखते हुए सवारी मार्ग का दुरुस्तीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि ढाबा रोड पर निर्माण कार्य रात्रि में भी किए जा रहे हैं। आगामी 15 जुलाई तक उक्त मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। सिंहस्थ 2028 और मास्टर प्लान को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सांसद श्री फिरोजिया ने निर्देश दिए कि गैस लाइन, पाइपलाइन और सीवरेज लाइन संबंधी कार्य में विशेष सावधानी बरती जाए। सिवरेज लाईन का कार्य पूर्ण सतर्कता के साथ किया जाए।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि नल-जल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क निर्माण का कार्य तेज गति से किया जाए।

राज्यसभा सांसद बालयोगी श्री उमेश नाथ जी महाराज ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति टैंकर के माध्यम से की जाती है, वहाँ शीघ्र-अतिशीघ्र पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जाए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण के अंतर्गत सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद श्री फिरोजिया ने निर्देश दिए कि जो निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनका शीघ्र-अतिशीघ्र लोकार्पण कराया जाए।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद श्री फिरोजिया द्वारा निर्देश दिए गए कि वर्तमान में वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग द्वारा विद्युत पोलों और तारों का उचित रखरखाव किया जाए। विद्युत प्रदाय निर्बाध रूप से किया जाए, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद श्री फिरोजिया ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों में गुणवत्‍ता का विशेष ध्‍यान रखा जाए। यदि किसी प्रकार की शिकायत आती है तो दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। सांसद श्री फिरोजिया द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विद्युत संबंधि कार्यों के निरीक्षण के लिए फिल्‍ड में रहकर सतत कार्य करें एवं जनप्रतिनिधियों के संपर्क में रहकर स्‍थानीय नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जाए। सांसद श्री फिरोजिया ने कहा कि आगामी सिंहस्थ को देखते हुए सभी कार्यों को समय रहते पूर्ण किया जाए।

उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए श्री फिरोजिया ने कहा कि निर्माणाधीन शैक्षणिक भवनों को शीघ्र पूर्ण किया जाए एवं पूर्ण भवनों में शीघ्र कक्षाओं का संचालन कर छात्रों का शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए। इसके लिए विद्यार्थियों की समय-समय पर करियर काउंसलिंग कर उन्हें प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों एवं छात्रावासों में छात्रों के लिए आर.ओ. पेयजल की व्यवस्था की जाए।

बैठक में राज्यसभा सांसद श्री बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेडा, विधायक नागदा-खाचरौद डॉ. तेजबहादूर सिंह चौहान एवं अन्य जनप्रतिनिधि और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।