उज्जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पूर्व आलोक शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक जीवाजीगंज के मार्गदर्शन में थाना पंवासा पुलिस द्वारा सूने मकानों में हुई चोरी की दो घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया लगभग ₹06 लाख मूल्य का सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी बरामद की गई है।
*🔹घटना का विवरण*-
थाना पंवासा क्षेत्र में फरियादिया द्वारा दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रथम घटना दिनांक 01.05.2026 की है, जब फरियादिया अपने परिवार सहित इंदौर में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वापस लौटने पर मकान के बाहरी एवं भीतरी दरवाजों के ताले टूटे मिले तथा घर का सामान बिखरा हुआ था। अज्ञात चोर घर में रखी लोहे की पेटी एवं बैग से ₹50,000 नगद, पुराने इस्तेमाली चांदी के जेवर (बिछिया, चैन, सिक्के), लगभग 500 ग्राम चांदी के आवले तथा एक सोने की नथ चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना पंवासा पर अपराध क्रमांक 132/2026 धारा 331(3), 305(a) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
द्वितीय घटना दिनांक 28.06.2026 की है, जब फरियादिया दोपहर लगभग 2:30 बजे पड़ोसी के घर मजदूरी करने गई थी। लगभग एक घंटे बाद वापस आने पर मकान का ताला टूटा मिला तथा घर में रखी दो पेटियां गायब थीं। पेटियों में रखे पुराने इस्तेमाली सोने एवं चांदी के आभूषण, जिनमें एक सोने का हार, एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, दस सोने के मोती, एक चांदी का कमरबंद, एक जोड़ी चांदी के आवले, एक जोड़ी चांदी की पायल तथा तीन जोड़ी चांदी की बिछिया, कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹4,50,000 के आभूषण चोरी होना पाए गए। इस संबंध में थाना पंवासा पर अपराध क्रमांक 204/2026 धारा 331(3), 305(a) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
*🔹पुलिस कार्यवाही*-
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए थाना पंवासा पुलिस द्वारा लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की वारदातों में शामिल तीन संदिग्ध युवक श्री सिंथेटिक क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना प्राप्त होते ही थाना पंवासा पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तीनों युवक भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ से चारों ओर से घेरकर पकड़ लिया गया। पूछताछ में संतोषजनक उत्तर नहीं देने पर उन्हें अभिरक्षा में लेकर थाना लाया गया, जहां विस्तृत पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने थाना पंवासा क्षेत्र के अमृत नगर में हुई चोरी की घटना तथा माह मई में माधौपुरा रोड स्थित पार्षद के घर हुई चोरी की घटना करना स्वीकार किया, जो थाना पंवासा के अपराध क्रमांक 132/2026 एवं 204/2026 से संबंधित पाई गई।
इसके उपरांत आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा उनके द्वारा चोरी किए गए नगदी एवं आभूषणों के संबंध में कथन लिए गए। कथन के आधार पर आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मशरूका बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी बताया कि वे दिन के समय सूने एवं बंद मकानों की रेकी (निगरानी) करते थे। जिन मकानों पर ताला लगा हुआ मिलता था और जिनमें कोई व्यक्ति मौजूद नहीं होता था, उन्हें चिन्हित कर लेते थे। इसके बाद दिन में ही उन मकानों में पहुंचकर ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश की जा रही है जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।
*🔹गिरफ्तार आरोपी*-
01. मोनिया उर्फ मोनू पंवार , पंवासा, उज्जैन।
02. विधि विरुद्ध बालक
03. विधि विरुद्ध बालक
04. फरार आरोपी – कार्तिक , पंवासा उज्जैन
🔹बरामद मशरूका-
आरोपियों के कब्जे से कुल लगभग ₹06 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद किया गया, जिसमें –
▪️₹50,000 नगद
▪️एक जोड़ी चांदी के आवले (करीब 500 ग्राम)
▪️चांदी की चैन
▪️एक चांदी का सिक्का
▪️एक जोड़ी चांदी की बिछिया
▪️सोने के 04 मोती
▪️सोने के 03 नाक के कांटे
▪️एक चांदी का कमरबंद (करीब 500 ग्राम)
▪️एक जोड़ी चांदी के हाथफूल
▪️चांदी के कमर के 02 झूमके
▪️एक अन्य जोड़ी चांदी के आवले (करीब 500 ग्राम)
▪️एक जोड़ी चांदी की घुंघरूदार पायल
▪️एक जोड़ी चांदी की बिछिया
*🔹पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका*-
थाना प्रभारी पवासा उनि गमर सिंह मंडलोई , सउनि संतोष राव, सउनि. सीताराम भुरिया, सउनि. सावित्री कटारा, आरक्षक अमरनाथ, आरक्षक पंकज पाटीदार, आरक्षक ब्रजेन्द्र भारती , आरक्षक योगेश की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
थाना पंवासा पुलिस द्वारा आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा यह जांच की जा रही है कि इनके द्वारा अन्य स्थानों पर भी चोरी की वारदातें तो नहीं की गई हैं।
