लूट के एक आरोपी एवं दो विधि-विरुद्ध बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में, लूटी गई सोने की चेन एवं घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद

उज्जैन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पश्चिमी श्री गुरु प्रसाद पाराशर के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अनुभाग माधवनगर श्रीमती दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में थाना नीलगंगा पुलिस द्वारा लूट की घटना में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रकरण में शामिल एक आरोपी व दो विधि विरुद्ध बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

*🔹घटना का संक्षिप्त विवरण*-

दिनांक 15.07.2026 को फरियादी तुषार किशनानी (उम्र 23 वर्ष), निवासी ओम रेसीडेंसी, सुभाष नगर, उज्जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14.07.2026 की रात लगभग 10:30 बजे वह अपनी माँ एवं छोटे भाई कृष्णा के साथ घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान एक काले रंग की स्कूटी पर सवार तीन अज्ञात युवक आए। पहले उन्होंने तुषार का मोबाइल छीनने का प्रयास किया, जिससे मोबाइल सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी वापस लौटे, एक युवक ने चाकू दिखाकर कृष्णा से उसकी घड़ी और गले की सोने की चेन देने की धमकी दी। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने कृष्णा के साथ मारपीट की, उसे जमीन पर गिराकर उसकी घड़ी एवं सोने की चेन लूट ली और स्कूटी से फरार हो गए।

घटना के बाद परिवार भयभीत होने के कारण उसी रात रिपोर्ट दर्ज करने हेतु थाने पर नहीं आया । अगले दिन फरियादी को जानकारी मिली कि यही तीनों युवक 14.07.2026 की शाम को शास्त्री नगर में अशोक धनवानी की चेन तथा अलखधाम नगर में शुभम सेन का मोबाइल भी लूट चुके हैं। इसके बाद तुषार थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने आया। इसके उपरांत फरियादी के अनुसार सुसंगत धाराओं में थाना नीलगंगा पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई ।

*🔹 पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई :-*

घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी नीलगंगा द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

गठित टीम द्वारा घटनास्थल एवं संभावित मार्गों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन परीक्षण किया गया तथा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई एवं वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।

पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप प्रकरण में शामिल आरोपी *कुणाल कटारिया पिता हेमंत कटारिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी एएनयू-4 क्वार्टर क्रमांक-29, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास, बैरागढ़, भोपाल* तथा *दो विधि-विरुद्ध बाल अपचारियों* को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

आरोपियों से थाना नीलगंगा पर गहन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने घटना दिनांक को उक्त लूट की वारदात करना स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अन्य आपराधिक घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की गई है, जिनकी पृथक रूप से जांच एवं सत्यापन किया जा रहा है।

*🔹 बरामदगी :-*

*पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से—*

▪️ घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू
▪️लूटी गई एक सोने की चेन बरामद की गई।
▪️दो पहिया वाहन *( अन्य अपराध में आरोपियों द्वारा चोरी की हुई )*
▪️ दो मोबाइल फोन विधिवत जप्त किये गए ।

अन्य लूटे गए मशरूका की बरामदगी एवं घटनाओं के संबंध में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है। प्रकरण में अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर अन्य घटनाओं एवं संभावित बरामदगी के संबंध में कार्रवाई निरंतर जारी है।

*🔹सराहनीय भूमिका*-

खाना प्रभारी नीलगंगा निरीक्षक तरुण कुरील , उप निरीक्षक वेद प्रकाश साहू , सहायक उप निरीक्षक उधम सिंह , आरक्षक लोकेश प्रजापत , आरक्षण कमल पटेल , आरक्षक अंकित चौहान की मुख्य भूमिका रही ।

*🔹 उज्जैन पुलिस की अपील :-*

उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें। आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा सूचना पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।