उज्जैन, गृह विभाग एवं होमगार्ड मुख्यालय द्वारा प्रदेशभर में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में जिला होमगार्ड इकाई, उज्जैन में पदस्थ प्लाटून कमांडरों को कंपनी कमांडर, लेखापाल को मुख्य लिपिक तथा ए.एस.आई. को प्लाटून कमांडर पद पर पदोन्नत किया गया है।
पदोन्नति के उपलक्ष्य में आज पुलिस कंट्रोल रूम, उज्जैन में स्टार सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने पदोन्नत अधिकारियों को स्टार लगाकर शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री संतोष कुमार जाट भी उपस्थित थे।
पदोन्नत अधिकारियों में जिला होमगार्ड इकाई की प्लाटून कमांडर श्रीमती शीला चौधरी को कंपनी कमांडर पद पर पदोन्नत किया गया। वर्तमान में उनके पास संपूर्ण एसडीईआरएफ का प्रभार है। प्लाटून कमांडर श्री दिलीप बामनिया भी पदोन्नत होकर कंपनी कमांडर बने हैं। वे वर्तमान में श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी हैं।
इसी प्रकार, प्लाटून कमांडर श्री कमलेश सिंह हाड़ा भी कंपनी कमांडर पद पर पदोन्नत हुए हैं और वर्तमान में होमगार्ड विभाग के प्रशासनिक कार्यों का दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं, प्लाटून कमांडर श्रीमती रूबी यादव को कंपनी कमांडर पद पर पदोन्नत किया गया है। वे वर्तमान में धर्मस्व विभाग में अधीक्षक के पद पर प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं।
जिला होमगार्ड उज्जैन के लेखापाल श्री भारत सिंह हारी को पदोन्नत कर सुबेदार (एम) बनाया गया है। वे होमगार्ड उज्जैन की समस्त शाखाओं के प्रशासनिक एवं अभिलेखीय कार्यों का संचालन कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, ए.एस.आई. श्री भैरूलाल सारेल को पदोन्नत कर प्लाटून कमांडर बनाया गया है। वर्तमान में वे होमगार्ड लाइन के प्रशासनिक कार्यों का संचालन कर रहे हैं।
जिला होमगार्ड परिवार ने सभी पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।