खाद्य विभाग द्वारा विभिन्‍न संस्‍थानों से दुग्‍ध पदार्थ के नमूने लिए गए

उज्जैन,आयुक्त, खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार बाजार में विक्रय किए जा रहे दूध की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त दूध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में दूध विक्रेताओं, डेयरियों एवं चिलिंग सेंटरों का नियमित निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान संचालित किया जा रहा है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री बसंत दत्‍त शर्मा ने बताया कि सोमवार को खाद्य विभाग की टीम द्वारा संतोष डेयरी, संतराम सिंधी कॉलोनी उज्जैन, पूजा डेयरी फार्म, व्यास नगर तथा वाहन क्रमांक MP13ZX9612 से दूध केन में दूध परिवहन कर रहे विक्रेता से मिश्रित दूध का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया।

श्री शर्मा ने बताया कि संग्रहित सभी नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।