इंस्टाग्राम पर हनीट्रैप कर युवक का अपहरण कर ₹50 लाख की फिरौती मांगने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश

उज्जैन, दिनांक 20.07.2026 को फरियादी हैदर पिता कमाल पटेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम नरवर, जिला उज्जैन द्वारा थाना नानाखेड़ा पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि इंस्टाग्राम के माध्यम से अंजली नामक युवती ने नौकरी के बहाने उससे संपर्क किया। मिलने के दौरान योजनाबद्ध तरीके से मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा एवं उसके साथियों ने फरियादी का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की तथा आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे झूठे प्रकरण में फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

आरोपियों द्वारा फरियादी के परिजनों से ₹50 लाख की फिरौती की मांग की गई, जो बाद में ₹26 लाख में तय हुई। इसी क्रम में फरियादी के पिता से ₹10 लाख प्राप्त करने के पश्चात फरियादी को छोड़ दिया गया तथा शेष ₹16 लाख की मांग जारी रखी गई। इस संबंध में थाना नानाखेड़ा पर अपराध क्रमांक 353/2026 अंतर्गत धारा 140(3), 308(6), 61(2), 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

*🔹पुलिस कार्रवाई :*-

घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक उज्जैन द्वारा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) श्री गुरुप्रसाद पाराशर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक नानाखेड़ा श्रीमती श्वेता गुप्ता के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

गठित टीम द्वारा मुखबिर तंत्र, साइबर तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य तकनीकी संसाधनों की सहायता से त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

*🔹पूछताछ में हुआ खुलासा :*-

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि आरोपियों द्वारा पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत ऐसे व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित की जाती थी जिनके पास हाल ही में धनराशि प्राप्त हुई हो अथवा जिन्हें आसानी से हनीट्रैप में फंसाया जा सके।

सहआरोपी इदरीश पटेल ने फरियादी हैदर पटेल की जानकारी, उसकी इंस्टाग्राम आईडी एवं आर्थिक स्थिति संबंधी सूचना उपलब्ध कराई। इसके बाद महिला आरोपी अंजली ठाकुर द्वारा इंस्टाग्राम पर संपर्क स्थापित कर फरियादी को मिलने बुलाया गया। योजनाबद्ध तरीके से उसे हनीट्रैप में फंसाकर अपहरण किया गया तथा झूठे प्रकरण में फंसाने एवं वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फिरौती की राशि वसूली गई।

*🔹गिरफ्तार आरोपी :*-
लोकेश,राजपाल,पंकज,यशवंत,आर्यन,लखन,इदरीश,इमरान,
जयसिंह,आयुष,
*🔹फरार आरोपी :*-
01. दीपक राजपूत,
02. अंजली ठाकुर, निवासी भोपाल।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

*🔹विवेचना :*-

प्रकरण की विवेचना जारी है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता, आपराधिक रिकॉर्ड, अवैध रूप से अर्जित संपत्ति तथा इस प्रकार के संगठित अपराध से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है।

*🔹सराहनीय भूमिका :*-

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक नरेन्द्र कुमार यादव, थाना प्रभारी थाना नानाखेड़ा, उप निरीक्षक हेमंत सिंह जादौन, उप निरीक्षक शशिकांत गौतम, उप निरीक्षक प्रतीक यादव (सायबर सेल), प्रधान आरक्षक राजपाल, प्रधान आरक्षक संदीप सिंह, प्रधान आरक्षक अनिल सिसौदिया, प्रधान आरक्षक मुकेश मुनिया, आरक्षक मुकेश मालवीय, आरक्षक अनिल हाड़ा, आरक्षक कमल जसोदिया, आरक्षक राजेश वर्मा एवं आरक्षक भगवान सिंह की सराहनीय भूमिका रही।