“नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत उज्जैन पुलिस द्वारा बालाजी फूड्स प्रा. लि., विक्रम उद्योगपुरी में आयोजित किया गया विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम

उज्जैन, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” के अंतर्गत जिला पुलिस उज्जैन द्वारा थाना नरवर क्षेत्र स्थित इस्कॉन बालाजी फूड्स एंड प्राइवेट लिमिटेड, विक्रम उद्योगपुरी, उज्जैन में एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना था।

*🔹मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अधिकारी*-

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) श्री भरत सिंह यादव, थाना प्रभारी नरवर उप निरीक्षक श्री बल्लू सिंह मंडलोई, थाना नरवर पुलिस बल, कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं लगभग 300 से अधिक कर्मचारी उपस्थित रहे।

🔹कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज एवं राष्ट्र के विकास को भी प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति को अपराध, हिंसा, सड़क दुर्घटनाओं तथा आर्थिक एवं सामाजिक समस्याओं की ओर ले जाती है। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

*🔹अभियान की जानकारी एवं जागरूकता संदेश*-

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के उद्देश्य एवं महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों, उनके सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि उज्जैन पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है तथा आमजन के सहयोग से इस अभियान को और अधिक सफल बनाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों द्वारा उपस्थित कर्मचारियों को मादक पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय, परिवहन एवं सेवन से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए अपील की गई कि यदि उनके संज्ञान में किसी भी प्रकार की नशे से संबंधित अवैध गतिविधि आती है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

*🔹नशा मुक्ति की दिलाई गई शपथ*-

कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री करणदीप सिंह द्वारा सभी उपस्थित कर्मचारियों को जीवन में कभी भी किसी भी प्रकार का नशा न करने, अपने परिवार एवं समाज को भी नशा मुक्त रखने के लिए प्रेरित करने, नशे के विरुद्ध सदैव आवाज़ उठाने तथा पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

*🔹उज्जैन पुलिस की अपील*-

उज्जैन पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। मादक पदार्थों के सेवन एवं अवैध कारोबार की किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस के साथ साझा करें। जागरूक नागरिकों के सहयोग से ही “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान को सफल बनाते हुए समाज को नशा मुक्त बनाया जा सकता है।