उज्जैन, खाद्य सुरक्षा विभाग ने रविवार को महिदपुर में विशेष जांच अभियान चलाते हुए संदिग्ध गुणवत्ता के घी और मावा के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे। कार्रवाई के दौरान करीब एक लाख रुपये मूल्य का 280 लीटर घी जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त, मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देश पर बाजार में विक्रय हो रहे दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने महिदपुर तहसील में औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यशवंत मार्ग स्थित बाकलीवाल ट्रेडर्स पर ‘मिल्क क्रीम’ नाम से 500 मिलीलीटर, 1 लीटर, 5 लीटर तथा 15 किलोग्राम की पैकिंग में घी संग्रहित पाया गया। बिलों की जांच में यह घी एसआरएमआई मिल्क फूड डेयरी इंडस्ट्रीज एलएलपी, पलदा (इंदौर) से 360 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जाना पाया गया। कम कीमत पर घी के विक्रय को लेकर संदेह होने पर विभाग ने वहां संग्रहित लगभग 280 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है, जब्त कर उसके नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा दल ने महिदपुर रोड स्थित रमेशचन्द्र राजमल जैन मावा भंडार का निरीक्षण किया। यहां से भी मावा के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटी एवं घटिया गुणवत्ता के खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
