उज्जैन, आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा बाजार में विक्रय हो रहे दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखने तथा गुणवत्ता जाँच के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इनके परिपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा तिलक मार्ग, दौलतगंज, उज्जैन स्थित सेवकराम घनश्यामदास का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धोलपुर फ्रेश प्रीमियम क्वालिटी देसी घी के नाम से 900 मि.ली., 450 मि.ली., 180 मि.ली. एवं 15 किलोग्राम टीन की पैकिंग में घी संग्रहित होना पाया गया।
बिल के आधार पर उक्त घी की खरीदी इंदौर स्थित फर्म भोले बाब मिल्क फूड प्रोडक्ट, 07-बी, उद्योग नगर, नवलखा, इंदौर से किया जाना पाया गया। धोलपुर फ्रेश प्रीमियम क्वालिटी देसी घी में संदेह होने पर कुल संग्रहित 1116 लीटर घी, जिसकी कुल कीमत लगभग 6,90,070 रुपये है, को जप्त कर नमूने लिए गए तथा उन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।
साथ ही इंदौर गेट, उज्जैन स्थित फर्म श्री शिवम इंटरप्राइजेस का निरीक्षण किया गया। मौके पर गोवर्धन प्योर घी 1 लीटर एवं 500 मि.ली. की पैकिंग में संग्रहित होना पाया गया। बिल के आधार पर उक्त घी की खरीदी पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड, जी-1, गोल्डन टॉवर, 18 गोल्डन पैलेस, नियर टी, इंदौर से किया जाना पाया गया।
संदेह के आधार पर कुल संग्रहित 156 लीटर घी, जिसकी कुल कीमत लगभग 1,20,372 रुपये है, को जप्त कर नमूने लिए गए तथा उन्हें राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।