महाकाल की नगरी में गूंजेगी बी प्राक की शिव आराधना

उज्जैन, श्रावण मास की पावन बेला में बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन भक्ति और संगीत के सुरों से सराबोर होने जा रही है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति, उज्जैन द्वारा मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग के समन्वय से “शिवतत्व – श्रावण कला उत्सव” का आयोजन रविवार, 9 अगस्त 2026 को शाम 7 बजे शक्तिपथ, त्रिवेणी संग्रहालय के सामने, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रांगण में किया जाएगा।

इस विशेष अवसर पर देश के प्रसिद्ध गायक बी प्राक एवं साथी, मुंबई भगवान शिव की आराधना और भक्ति से ओतप्रोत अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण को और भी खास बनाएंगे। वहीं पवन तिवारी एवं साथी, निवाड़ी द्वारा भी सांस्कृतिक एवं भक्तिमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

श्रावण मास की आध्यात्मिक ऊर्जा और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित यह आयोजन भक्ति, संगीत और संस्कृति के संगम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। बाबा महाकाल की नगरी में होने वाली यह विशेष संध्या श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को शिव आराधना के साथ संगीत और कला से जुड़ने का अनूठा अवसर प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों का प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर “शिवतत्व – श्रावण कला उत्सव” की इस भव्य एवं भक्तिमय संध्या में सहभागी बनने का आग्रह किया है।