उज्जैन, दिलों में देशभक्ति का ठाठें मारता हुआ समुद्र, होंठों पर भारत माता की जय के नारे और राहगीरों का समर्थन में नारे लगाना, यह नजारा था शासकीय माधव महाविद्यालय द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत आयोजित भव्य तिरंगा बाईक रैलीके का । बाईक रैली का शुभारम्भ प्राचार्य प्रो. कल्पना वीरेन्द्र सिंह द्वारा महाविद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया गया। विद्यार्थियों को अपने ओजस्वी सम्बोधन में टावर चौक पर देश की आज़ादी की लड़ाई और शहीदों के योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि इस तिरंगे में भारत की आत्मा बसती है। हम तिरंगा लहरा कर राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत कर रहे हैं। इस जागृति की आज देश को नितांत आवश्यकता है। एनसीसी आधिकारी मेजर डॉ. मोहन निमोले ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से बाइक तिरंगा रैली का आयोजन आज किया गया। तिरंगा बाईक रैली महाविद्यालय परिसर से खाक चौक, आगर नाका, कोयला फाटक, चामुंडा माता चौराहा होते हुए रैली टावर चौक से वापस इसी रूट से महाविद्यालय में संपन्न हुई। रैली मार्ग में एनसीसी, एनएसएस एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों सहित प्राध्यापकों द्वारा भारत माता की जय और वंदेमातरम के नारे लगाए गए । इस प्रकार नगर का वातावरण देशभक्तिमय हो गया। यह आयोजन प्राचार्य प्रो. कल्पना वीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में व एनसीसी आधिकारी मेजर डॉ. मोहन निमोले, एनएसएस अधिकारी प्रो. रायसिंह सोलंकी, प्रो. राधेश्याम भील एवं स्पोर्ट्स ऑफिसर श्री नवीन कोरट के नेतृत्व में संपन्न हुआ। डॉ. रफीक नागौरी ने अपनी रचना की पंक्तियां पढ़ कर देशप्रेम की भावना का संचार किया। इतना इस देश से है प्यार तिरंगे की क़सम , हम शहादत को हैं तैयार तिरंगे की क़सम। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक डॉ. आयशा सिद्दीकी, मेजर डॉ. मोहन निमोले, प्रो. रायसिंह सोलंकी, प्रो. राधेश्याम भील, श्री नवीन कोरट, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. संगीता दुबे, डॉ. मधुबाला अग्रवाल, डॉ. मृदुल चंद शुक्ला, डॉ. महेन्द्र कुमार शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र तिवारी, डॉ. रीना, डॉ. अंजना खेर, डॉ. नूतन पॉवर, श्री सौदान सिंह चौहान, श्री लोकेश अहिरवार सहित सीनियर अंडर अफसर यश परमार, सार्जेंट श्याम, निखिल ठाकुर, शिवानी चौधरी सहित एनसीसी, एनएसएस एवं महाविद्यालय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
