71 किलो पनीर व 876 लीटर घी जब्त, खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाया जा रहा विशेष निगरानी अभियान

उज्जैन, आयुक्त, खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बाजार में विक्रय हो रहे दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत विभाग द्वारा घी की गुणवत्ता जांच पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। साथ ही अब होटल-रेस्तरां में उपयोग हो रहे पनीर की क्वालिटी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इसके लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा होटल-रेस्तरां तथा उन्हें पनीर एवं अन्य डेयरी उत्पाद सप्लाई करने वाले डेयरी व प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
गत दिवस को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा आनंद नगर, उज्जैन स्थित श्री कृष्णा डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया तथा मौके पर कुल 71 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया।
इसी दिन फव्वारा चौक, उज्जैन स्थित फर्म श्री राजेन्द्र ट्रेडर्स का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर प्योरा श्योर देसी घी का संग्रहण पाया गया। दल द्वारा 15 किलोग्राम, 900 मिलीलीटर, 1 लीटर तथा 500 मिलीलीटर की पैकिंग में कुल 876 लीटर घी (कुल कीमत 5 लाख 8 हजार 450 रुपये) जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए घी के नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु दूध, घी, पनीर एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निरंतर सख्त निगरानी रखी जा रही है।