उज्जैन, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने दशहरा मैदान पहुंचकर फाइनल रिहर्सल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने समारोह के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फाइनल रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि के आगमन से लेकर ध्वजारोहण, परेड की सलामी, परेड निरीक्षण, मार्च पास्ट, परेड कमांडरों से परिचय, राष्ट्रीय धुन के साथ हर्ष फायर, राष्ट्रगान एवं मध्यप्रदेश गान सहित विभिन्न कार्यक्रमों की रिहर्सल की गई। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा पीटी का प्रदर्शन भी किया गया।
फाइनल रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि की भूमिका एडीएम श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर द्वारा निभाई। कलेक्टर श्री रोशन सिंह ने समारोह स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल एवं कार्यक्रम के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, एएसपी श्री गुरुप्रसाद पाराशर, जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
