नानाखेड़ा-शांति पैलेस फोरलेन के एक ओर के मार्ग से 28 अगस्त से शुरू होगा आमजन का आवागमन

उज्जैन, सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के अंतर्गत शहर में किए जा रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का कमिश्नर श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। रविवार को कलेक्टर श्री सिंह ने नानाखेड़ा चौराहा से शांति पैलेस तथा शांतिनगर से नीलगंगा चौराहा तक किए जा रहे मार्ग निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा भी मौजूद रहे।

कलेक्टर श्री सिंह ने नानाखेड़ा चौराहा से शांति पैलेस तक निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि 28 अगस्त से फोरलेन मार्ग के एक ओर से आमजन के आवागमन की शुरुआत की जाना है, इसलिए शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि निर्धारित तिथि से यातायात सुचारू रूप से प्रारंभ किया जा सके। इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह ने शांतिनगर से नीलगंगा चौराहा तक किए जा रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान सड़क से पाइप क्रॉस किए जाने की स्थिति में तत्काल फिलिंग का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क पर किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो और आमजन का आवागमन सुचारू बना रहे। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मार्ग निर्माण एवं चौड़ीकरण से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में किए जाएं। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।