मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था से छेड़छाड़ एवं सुरक्षाकर्मियों से मारपीट करने वालों पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई

उज्जैन, श्री महाकालेश्वर मंदिर में आए कुछ उपद्रवी एवं असामाजिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों द्वारा मंदिर की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को गंभीर रूप से प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

उक्त व्यक्तियों द्वारा नंदी हॉल में लगी बैरिकेडिंग को तोड़ा गया, व्यवस्थात्मक अवरोधों को क्षतिग्रस्त किया गया तथा दान पेटियों को इधर-उधर फेंकते हुए अनधिकृत रूप से गर्भगृह में प्रवेश करने का प्रयास किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई एवं मारपीट की गई, जिसमें सुरक्षाकर्मियों को गंभीर चोटें आईं।

इस प्रकार की घटनाएं न केवल मंदिर की संपत्ति एवं व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाने वाली हैं, बल्कि मंदिर में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा घटना को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

मंदिर प्रबंध समिति स्पष्ट करती है कि धार्मिक आस्था आड़ में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था से छेड़छाड़, बैरिकेडिंग तोड़ना, मंदिर संपत्ति को क्षति पहुंचाना, सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट करना अथवा निर्धारित दर्शन व्यवस्था का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

श्रद्धालुओं से अपील है कि वे मंदिर की सुरक्षा एवं दर्शन व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा निर्धारित मार्ग एवं नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण रूप से दर्शन लाभ प्राप्त करें।