न्यू कैफे मयूरम से 54 किलोग्राम प्रतिबंधित मिठाई जप्त

उज्जैन, आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा अमानक व मिलावटी खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण के साथ नमूना संग्रहण की कार्यवाही भी जारी है।

इसी क्रम में विभाग की टीम द्वारा उज्जैन शहर एवं उन्हेल क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्रित किए गए। टीम द्वारा राठौर नमकीन, ओल्ड बस स्टैंड, उन्हेल से मोतीपाक एवं मावा पेड़ा; कोठारी केटर्स नमकीन एंड स्वीट्स, हीरामिल रोड, उज्जैन से मावा बर्फी एवं घेवर; न्यू कैफे मयूरम, शहीद पार्क फ्रीगंज, उज्जैन से श्री कृष्णा स्पेशल मिल्क केक एवं मिल्क केक तथा जोधपुर स्वीट्स एंड नमकीन, एम.पी.बी. ऑफिस फ्रीगंज, उज्जैन से मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए।

सूचना प्राप्त होने पर न्यू कैफे मयूरम, शहीद पार्क फ्रीगंज, उज्जैन का निरीक्षण किया गया। मौके पर कार्डबोर्ड के डिब्बों में दो किलोग्राम की पैकिंग में मिठाई रखी पाई गई, जिन पर पता जोधपुर का अंकित था। स्थल पर 19 खाली डिब्बे भी पाए गए। विक्रेता द्वारा उक्त डिब्बे खोलकर मिठाई को मिल्क केक के रूप में ट्रे में जमाया गया था तथा इसी रूप में बेचा जा रहा था। मिठाई के डिब्बों पर संघटक के रूप में वेजिटेबल ऑयल, शुगर एवं मिल्क पाउडर लिखा गया था। इस प्रकार एनालॉग मिल्क केक की पैकिंग खोलकर ट्रे में रखे मिल्क केक के नमूने लिए गए तथा शेष 54 किलोग्राम मिठाई को जप्त किया गया। शीघ्र विनष्टीकरण प्रकृति की सामग्री होने के कारण उक्त मिठाई का विनष्टीकरण कराया गया।

उपरोक्त सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर विधिवत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन आमजन से अपील करता है कि वे केवल वैध लाइसेंस/पंजीयन वाले प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री क्रय करें तथा किसी भी संदिग्ध मिलावट या अमानक सामग्री की शिकायत संबंधित विभाग को तुरंत करें।