उज्जैन, सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के मद्देनजर सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि को अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण से मुक्त रखने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम ने नरसिंह घाट मार्ग स्थित सिंहस्थ क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही करते हुए बिना अनुमति किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त कर दिया*
*नरसिंह घाट मार्ग स्थित भील ठाकुर समाज धर्मशाला द्वारा सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि पर बिना सक्षम अनुमति के लगभग 40 बाय 80 फीट क्षेत्रफल में अवैध निर्माण किया गया था। नगर निगम द्वारा स्थल का निरीक्षण एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत गुरुवार को दो जेसीबी मशीनों की सहायता से उक्त अवैध निर्माण को हटाने की कार्यवाही की गई*
*सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि पर नहीं होगा अवैध निर्माण*
*नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि सिंहस्थ महापर्व की व्यवस्थाओं एवं आयोजन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार का स्थायी अथवा अस्थायी निर्माण, अतिक्रमण या भूमि का अनधिकृत उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा, सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि को सुरक्षित एवं अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। निगम द्वारा अवैध रूप से निर्माण करने अथवा सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी*
*सिंहस्थ की तैयारियों में बाधक अतिक्रमण पर सख्ती*
*सिंहस्थ महापर्व में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए मार्ग, घाट, पार्किंग, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि का सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रहना आवश्यक है। ऐसे में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण अथवा अतिक्रमण भविष्य की व्यवस्थाओं में बाधक बन सकता है।नगर निगम द्वारा इसी उद्देश्य से सिंहस्थ क्षेत्र में किए जा रहे अनधिकृत निर्माण एवं अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है। निगम का स्पष्ट संदेश है कि सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि सार्वजनिक एवं सिंहस्थ व्यवस्थाओं के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इस भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा*
*उक्त कार्यवाही भवन अधिकारी श्री राजकुमार राठौर, तहसीलदार शेफाली जैन, भवन निरीक्षक सौम्या चतुर्वेदी, निगम रिमूवल गैंग एवं पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में की गई!
