राजसी सवारी से पूर्व कंठाल से छत्रीचौक मार्ग का कार्य होगा पूर्ण

उज्जैन, सिंहस्थ महापर्व 2028 को दृष्टिगत रखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के निर्देशानुसार शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं विकास कार्य नगर निगम द्वारा प्राथमिकता के साथ किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के सबसे व्यस्ततम एवं प्राचीन मार्गों में शामिल कंठाल चौराहा से छत्रीचौक तक लगभग 450 मीटर से अधिक लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने का कार्य नगर निगम द्वारा कराया गया है*
*बाबा महाकाल की राजसी सवारी 7 अगस्त को कंठाल चौराहा होते हुए छत्रीचौक से निकलेगी। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में निगम की टीम द्वारा दिन-रात कार्य करते हुए मार्ग के विकास कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण किया जा चुका है। कंठाल से छत्रीचौक तक सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि कंठाल चौराहा एवं सती गेट के सौंदर्यीकरण के शेष कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के लिए निगम की टीम रात्रि में भी ठेकेदार के साथ कार्य कर रही है*

*व्यापारियों एवं नागरिकों के सहयोग से संभव हुआ कार्य*

*कंठाल से छत्रीचौक तक का क्षेत्र शहर का अत्यंत व्यस्त एवं प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। मार्ग चौड़ीकरण के दौरान व्यापारिक गतिविधियों और नागरिकों की आवाजाही को प्रभावित किए बिना कार्य को गति देना नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती थी। ऐसे में क्षेत्र के व्यापारियों एवं नागरिकों ने निगम का सहयोग करते हुए कार्य को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। व्यापारियों के सहयोग और सकारात्मक सहभागिता के कारण निर्माण कार्य को निर्धारित समय में आगे बढ़ाना संभव हो सका।नगर निगम द्वारा भी व्यापारियों की सुविधा एवं आवागमन को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से कार्य किया गया। निगम का प्रयास रहा कि विकास कार्य के साथ क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियां भी सुचारू रूप से संचालित होती रहें, उक्त कार्य सफल रूप से संभव होने पर क्षेत्र के नागरिकों एवं व्यापारियों में भी खुशी का माहौल दिख रहा हे ओर माननीय मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद दे रहे हैं*

*कंठाल चौराहा को मिलेगा आकर्षक स्वरूप*

*कंठाल चौराहा शहर का प्राचीन एवं प्रमुख चौराहा है। इसके सौंदर्यीकरण के अंतर्गत पेपर ब्लॉक लगाए जाएंगे। साथ ही चौराहे पर अंडरग्राउंड लाइटिंग व्यवस्था विकसित की गई है। इससे विद्युत तारों के जाल से चौराहे को मुक्ति मिलेगी और चौराहे का स्वरूप अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक दिखाई देगा। शहर में पहली बार इस प्रकार की अंडरग्राउंड लाइट व्यवस्था का कार्य इस स्वरूप में किया गया है*

*सती गेट को दिया जायेगा हेरिटेज स्वरूप*

*सती गेट क्षेत्र को भी शहर की ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप हेरिटेज स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। सती गेट के आसपास लगभग 50 मीटर क्षेत्र में कोबल स्टोन लगाने का कार्य किया जाएगा। गेट पर लगे पुराने पेंट को हटाकर उसमें लगे ऐतिहासिक पत्थरों (एरण पत्थर) को उनके मूल स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए ट्रांसपेरेंट वाटर रिपेलेंट कोटिंग की जाएगी, जिससे पत्थरों की प्राकृतिक एवं पुरातात्विक सुंदरता बनी रहे*
*नगर निगम दिन रात कार्य करते हुए बाबा महाकाल की राजसी सवारी से पूर्व कंठाल चौराहा एवं सती गेट के शेष सौंदर्यीकरण कार्य भी पूर्ण कर लिए जाएंगे जिससे राजसी सवारी के दौरान मार्ग का स्वरूप आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई देगा*

*सड़क के साथ नाली, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था में भी हुआ सुधार*

*कंठाल से छत्रीचौक मार्ग के चौड़ीकरण के साथ नगर निगम द्वारा केवल सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर किया गया है। मार्ग पर नवीन नाली निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग, अंडरग्राउंड लाइटिंग तथा नवीन पेयजल सप्लाई लाइन डालने का कार्य किया गया है।नवीन पेयजल लाइन से क्षेत्र के घरों में पर्याप्त दबाव के साथ पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित होगी वहीं जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपेक्षाकृत बड़े आकार की नाली का निर्माण किया गया है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी*

*यातायात व्यवस्था के साथ व्यापार को भी मिलेगा लाभ*

*लगभग 450 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किए जाने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यवस्थित एवं चौड़े मार्ग का क्षेत्र के व्यापारियों को भी दीर्घकालीन लाभ मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, क्षेत्र के व्यापारियों द्वारा लंबे समय से मार्ग चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इस मांग को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा मार्ग का चौड़ीकरण कार्य कराया गया है*

*निगम की टीम दिन-रात जुटी*

*कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए नगर निगम की टीम द्वारा दिन के साथ-साथ रात्रि में भी निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग एवं क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह कार्य नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा की प्रत्यक्ष मॉनिटरिंग तथा अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर, अधीक्षण यंत्री श्री आर.के. जैन, कार्यपालन यंत्री श्री हिमांशु तिवारी, सहायक यंत्री श्री डी.एस. परिहार, सब इंजीनियर श्री राजेंद्र रावत, संबंधित ठेकेदार तथा क्षेत्र के जागरूक नागरिकों एवं व्यापारियों के निरंतर सहयोग से आगे बढ़ रहा है।नगर निगम का प्रयास है कि विकास कार्यों के साथ शहर की ऐतिहासिक विरासत, यातायात व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं एवं व्यापारिक हितों का संतुलन बनाए रखते हुए कंठाल से छत्रीचौक मार्ग को एक व्यवस्थित, सुंदर एवं सुविधाजनक मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा!