श्रीकृष्ण-सुदामा नारायणा धाम में भव्य शोभायात्रा निकली

उज्जैन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग के सान्निध्य में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर प्रदेशभर में विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी श्रृंखला में बुधवार को श्रीकृष्ण-सुदामा मैत्री स्थल श्री नारायणा धाम में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजन संपन्न हुआ। भगवान को नयनाभिराम अंगवस्त्र धारण कराकर सुसज्जित पालकी में विराजमान किया गया। इसके पश्चात नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने स्वयं भगवान श्रीकृष्ण की पालकी उठाकर अपनी धार्मिक आस्था का परिचय दिया।

पुलिस बैंड की सुमधुर धुनों के साथ शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई। यह ग्राम के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यहां मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा भगवान श्रीकृष्ण को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके उपरांत पुष्पवर्षा के साथ महाआरती संपन्न हुई।

शोभायात्रा के दौरान ग्रामवासियों ने जगह-जगह भगवान श्रीकृष्ण का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। माता-बहनों ने कुमकुम एवं अक्षत से भगवान की आरती उतारी। पुलिस बैंड पर बज रहे भक्ति गीतों पर श्रद्धालुजन भाव-विभोर होकर झूमते दिखे।

इस अवसर पर श्री बहादुर सिंह चौहान, श्री बहादुर सिंह बोरमुण्डला, श्री केसर सिंह आंजना, एसडीएम महिदपुर श्री अजय हिंगे, एसडीओपी श्री झेडेन लिंगझेरपा, मंदिर के पुजारी परिवारजन तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।

श्रीकृष्ण भक्ति और आस्था से सराबोर नारायणा धाम का वातावरण पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा एवं उल्लास से भरा रहा।