बधाई के साथ-साथ सफाई भी, सफाई मित्रों के सम्मान में किन्नर समाज ने थामी झाड़ू

उज्जैन,नगर निगम द्वारा सफाई मित्रों के सम्मान में गोगा नवमी के अवसर पर आयोजित जनभागीदारी स्वच्छता अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों के साथ किन्नर समाज ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। आमतौर पर विभिन्न अवसरों पर शहरवासियों को बधाई देने वाले किन्नर समाज के प्रतिनिधि इस बार “बधाई के साथ-साथ सफाई भी” के संदेश के साथ हाथों में झाड़ू लेकर स्वच्छता अभियान में शामिल हुए*
*नगर निगम द्वारा शहर के सभी 54 वार्डों में चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 43, वाल्मीकि नगर में किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने स्वयं सड़क पर उतरकर सफाई कार्य किया। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों एवं सड़क किनारे सफाई करते हुए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया*
*किन्नर समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सफाई मित्र प्रतिदिन बिना किसी भेदभाव के पूरी जिम्मेदारी और मेहनत के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने का कार्य करते हैं। गोगा नवमी के अवसर पर जब सफाई मित्र अवकाश पर हैं, ऐसे में उनके सम्मान में एक दिन स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाना हमारा भी दायित्व है। जिस तरह सफाई मित्र रोज हमारे शहर को स्वच्छ रखने में अपना योगदान देते हैं, उसी तरह आज हम भी उनके कार्य में सहयोग करते हुए स्वच्छता अभियान का हिस्सा बने हैं*
*उन्होंने कहा कि सफाई केवल नगर निगम या सफाई मित्रों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने आसपास स्वच्छता रखना, कचरा निर्धारित स्थान पर डालना और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखना ही सफाई मित्रों के प्रति सच्चा सम्मान है*
*किन्नर समाज की इस पहल ने स्वच्छता अभियान को सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का संदेश भी दिया। समाज के प्रतिनिधियों ने स्वयं झाड़ू थामकर यह संदेश दिया कि सफाई मित्रों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके कार्य में सहयोग करके भी किया जा सकता है।नगर निगम द्वारा आयोजित इस अभियान में किन्नर समाज की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि जब शहर को स्वच्छ रखने की बात हो तो समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी भूमिका निभा सकता है। सफाई मित्रों के अवकाश के दिन उनके सम्मान में शहरवासियों के साथ किन्नर समाज का सड़क पर उतरकर सफाई करना स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरक मिसाल बनी!