उज्जैन, सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री श्रेयांस कूमट ने मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यक्तियों की शिकायतों को सुना और उनके यथोचित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
जनसुनवाई में बड़ागांव, तहसील खाचरौद निवासी रामाजी ने शिकायत की कि उनके गाँव में स्थित शासकीय भूमि सर्वे नंबर 2020, जो कि पशु विश्राम के लिए चिन्हित थी, पर कतिपय अतिक्रमण कर्ताओं द्वारा 15×10 फीट का अतिक्रमण कर लिया गया है। तहसील में शिकायत के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। अपर कलेक्टर द्वारा संबंधित एसडीएम को प्रकरण की जाँच करने के लिए कहा गया।
खरसोदखुर्द, तहसील बड़नगर निवासी शांताबाई ने संबल योजना में उनके श्रमिक पति रमेश की मृत्यु उपरांत मिलने वाली अनुग्रह सहायता का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की गई है। अपर कलेक्टर ने शिकायत का निराकरण करने के लिए श्रम विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए ।
वेदनगर निवासी आयुष शर्मा ने आवेदन दिया कि उन्हें दिव्यांग कोटे में आईटीआई में प्रवेश दिलवाया जाए। वे 42 प्रतिशत दिव्यांगता की श्रेणी में आते हैं। दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र भी उनके द्वारा संलग्न किया गया है। अपर कलेक्टर द्वारा प्राचार्य, आईटीआई को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
भाटपचलाना, तहसील बड़नगर निवासी दिनेश शर्मा ने उनकी दुकान के पीछे कतिपय व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने की शिकायत करते हुए उक्त अतिक्रमण को हटाने का आवेदन दिया। सीईओ जिला पंचायत श्री कूमट ने एसडीएम बड़नगर को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।
इसी प्रकार अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।