11 वर्षों से चले आ रहे संपत्ति विवाद का पुलिस ने सूझबूझ एवं निष्पक्षता से कराया निराकरण, पीड़ित पक्ष को मिला अपनी संपत्ति का कब्जा

उज्जैन,उज्जैन पुलिस द्वारा नागरिकों की शिकायतों के निराकरण एवं लंबित विवादों के शांतिपूर्ण एवं कानूनसम्मत समाधान के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में थाना चिमनगंज मंडी क्षेत्र में एक महिला द्वारा अपनी संपत्ति पर लंबे समय से चले आ रहे विवाद एवं कब्जे के संबंध में पुलिस से सहायता प्राप्त की गई थी। मामले में थाना प्रभारी चिमनगंज मंडी श्री विवेक कनोडिया द्वारा शिकायत की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के कथनों एवं उपलब्ध दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण किया गया तथा तथ्यों के आधार पर निष्पक्षतापूर्वक कार्रवाई की गई।

*🔹घटना एवं शिकायत का संक्षिप्त विवरण*-

पीड़ित पक्ष सारिका जैन, निवासी बताशा गली, निचला बाजार, जिला गुना, द्वारा बताया गया कि उनकी उज्जैन स्थित LIG प्रथम भूखंड क्रमांक 40, सांदीपनी नगर की संपत्ति को लेकर वर्ष 2015 से विवाद चल रहा था।

शिकायत के अनुसार उक्त संपत्ति के संबंध में योगेश शर्मा पिता श्री रामनारायण शर्मा, वर्तमान निवासी तिरुपति सॉलिटेयर कॉलोनी, पंचक्रोशी मार्ग, उज्जैन द्वारा लंबे समय से कब्जा बनाए रखा गया था, जिसके कारण पीड़ित पक्ष को अपनी ही संपत्ति में प्रवेश एवं कब्जा प्राप्त करने के लिए वर्षों से संघर्ष करना पड़ रहा था।

पीड़ित पक्ष के अनुसार संपत्ति के संबंध में विभिन्न दस्तावेजों एवं चेक आदि का उपयोग कर उन पर अनुचित आर्थिक मांग एवं संपत्ति पर अधिकार जताने का प्रयास किया जा रहा था। शिकायत में यह भी बताया गया कि संपत्ति में विभिन्न कार्य कराए जाने का हवाला देकर लगभग 14 लाख रुपये की मांग की जा रही थी तथा संपत्ति के कुछ हिस्से में निर्माण कार्य भी कराया गया था।

*🔹पुलिस द्वारा दस्तावेजों एवं तथ्यों का सूक्ष्म परीक्षण*-

थाना चिमनगंज मंडी पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए किसी एक पक्ष के कथन पर निर्भर रहने के बजाय दोनों पक्षों से चर्चा कर उपलब्ध दस्तावेजों एवं तथ्यों का विस्तृत परीक्षण किया गया।
परीक्षण के दौरान चेक एवं अन्य दस्तावेजों के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्यों एवं विसंगतियों की जांच की गई। पीड़ित पक्ष द्वारा यह तथ्य भी प्रस्तुत किया गया कि जिस चेकबुक के चेक का उपयोग संबंधित दस्तावेज के समर्थन में किया जा रहा था, वह चेकबुक बाद में जारी हुई थी, जबकि संबंधित चेक पर उससे पूर्व की तारीख अंकित होना बताया गया था।

उक्त तथ्यों एवं उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के पश्चात दूसरे पक्ष को मामले की गंभीरता तथा गलत तथ्यों एवं दस्तावेजों के आधार पर किसी अन्य व्यक्ति की संपत्ति पर अधिकार जताने के संभावित कानूनी परिणामों से अवगत कराया गया।

*🔹पुलिस की निष्पक्ष समझाइश से हुआ समाधान*-

थाना प्रभारी श्री विवेक कनोडिया द्वारा पूरे मामले में निष्पक्षता एवं सूझबूझ से दोनों पक्षों को समझाइश दी गई। दस्तावेजों एवं तथ्यों के परीक्षण तथा पुलिस द्वारा की गई समझाइश के पश्चात योगेश शर्मा द्वारा संपत्ति पर अपना कब्जा छोड़ने पर सहमति व्यक्त की गई।
इसके बाद उन्होंने स्वेच्छा से संपत्ति की चाबी पीड़ित पक्ष को सौंप दी, जिससे पीड़ित पक्ष को लगभग 11 वर्षों के लंबे संघर्ष के पश्चात अपनी संपत्ति में पुनः प्रवेश एवं कब्जा प्राप्त हो सका।

पीड़ित पक्ष द्वारा संपत्ति का कब्जा प्राप्त होने के पश्चात किसी प्रकार की पृथक कानूनी कार्रवाई कराने के स्थान पर पुलिस द्वारा किए गए निष्पक्ष एवं संवेदनशील प्रयासों के लिए पुलिस अधीक्षक उज्जैन एवं थाना चिमनगंज मंडी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

*🔹पीड़ित पक्ष ने व्यक्त किया पुलिस के प्रति आभार*-

पीड़ित पक्ष सारिका जैन द्वारा पुलिस अधीक्षक उज्जैन श्री प्रदीप शर्मा एवं थाना प्रभारी चिमनगंज मंडी श्री विवेक कनोजिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया गया कि लगभग 11 वर्षों से चले आ रहे संपत्ति विवाद के कारण उन्हें लंबे समय तक अपनी ही संपत्ति में प्रवेश नहीं मिल पा रहा था।

उन्होंने पुलिस द्वारा मामले में निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं सूझबूझ के साथ उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों की जांच कर विवाद का समाधान कराने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। पीड़ित पक्ष ने कहा कि पुलिस की इस कार्यवाही से उनके मन में न्याय एवं कानून के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

*🔹पुलिस की कार्यप्रणाली से नागरिकों में बढ़ा विश्वास*-

थाना चिमनगंज मंडी पुलिस द्वारा लगभग 11 वर्षों से चले आ रहे इस विवाद में दोनों पक्षों को सुनकर, तथ्यों एवं दस्तावेजों का निष्पक्ष परीक्षण कर तथा कानूनसम्मत समझाइश के माध्यम से समाधान कराया गया।

इस कार्रवाई से न केवल पीड़ित पक्ष को अपनी संपत्ति का कब्जा प्राप्त हुआ, बल्कि नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है कि पुलिस द्वारा उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेकर निष्पक्ष एवं संवेदनशील तरीके से समाधान के प्रयास किए जाते हैं।

*🔹सराहनीय भूमिका*-

थाना प्रभारी चिमनगंज मंडी श्री विवेक कनोडिया , आरक्षक सुनील चौधरी, जो आवक-जावक एवं शिकायत शाखा में कार्यरत हैं, तथा आरक्षक भूपेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।