प्रोजेक्ट में निवेश का झांसा देने वाला फरार आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

उज्जैन, उज्जैन पुलिस द्वारा धोखाधड़ी एवं आर्थिक अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा।इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री गुरुप्रसाद पाराशर व नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माधवनगर श्री गजेन्द्र पचोरिया व पुलिस टीम को धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को दिल्ली से हिरासत में लेने में सफलता प्राप्त हुई है।

🔴 *घटना का विवरण*-
थाना माधवनगर, जिला उज्जैन में फरियादी जितेन्द्र सिंह सोलंकी द्वारा प्रस्तुत लिखित शिकायत पर मेघालय सरकार के सोलर स्ट्रीट लाइट एवं पोल सप्लाई के 19.68 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट में निवेश कर लाभ दिलाने का झांसा देकर 73 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने संबंधी प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों द्वारा प्रोजेक्ट में निवेश पर लाभ का प्रलोभन देकर फरियादी से ऑनलाइन एवं नगद रूप से कुल 73 लाख रुपये प्राप्त किए गए। बाद में टेंडर के अंतर्गत सामग्री सप्लाई करने में असमर्थता जताई गई तथा फरियादी को उसकी राशि वापस नहीं की गई।

🔴 *पुलिस कार्यवाही*-
प्रकरण में थाना माधवनगर पुलिस द्वारा आरोपीगण हरपाल सिंह उर्फ
आसंजय सिंह, हितेन्द्र सिंह राणावत, दपवन राव, फैय्याज चिकोड़े एवं अभय प्रकाश, निदेशक KSF ग्रुप इंडिया लिमिटेड, के विरुद्ध धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी फैय्याज चिकोड़े पिता अप्पा साहेब चिकोड़े, निवासी नई दिल्ली को थाना माधवनगर पुलिस द्वारा दिनांक 11 सितंबर 2026 को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।आरोपी को दिनांक 12 सितंबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को 07 दिवस की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से धोखाधड़ी की रकम, उसके उपयोग, प्रोजेक्ट से संबंधित दस्तावेजों तथा प्रकरण में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।प्रकरण में कुल 05 आरोपी नामजद हैं, जिनमें से 03 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 01 आरोपी अभी फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

उक्त संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी माधवनगर श्री गजेन्द्र पचोरिया व उप निरीक्षक अंकित बनोठा सहित अन्य की मुख्य भूमिका रही।