शा. माधव महाविद्यालय में हुआ शिक्षकों को कृत्रिम बुध्दिमत्ता AI एवं रोजगारपरक शिक्षण तकनीकों के प्रशिक्षण हेतु फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का आयोजन

उज्जैन, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय माधव महाविद्यालय, उज्जैन में स्वामी विवेकानंद करियर गाइडेंस सेल, उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से वाधवानी फाउंडेशन के तत्वावधान में 15 से 17 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. कल्पना वीरेंद्र सिंह के अध्यक्षीय मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में वाधवानी फाउंडेशन के प्रशिक्षक श्री लोकेश चन्द्र द्वारा प्रतिभागी शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण-पद्धतियों एवं तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान एआई आधारित टूल्स, लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS), अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning), रोजगारपरक कौशल तथा विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी एवं रोजगार के लिए सक्षम बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. कल्पना वीरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में शिक्षकों का निरंतर कौशल विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों को अपनाकर विद्यार्थियों को जॉब-रेडी एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य “Learn | Build | Transform” की अवधारणा के अनुरूप शिक्षकों को सशक्त बनाकर विद्यार्थियों के लिए अधिक प्रभावी, तकनीक-सक्षम एवं रोजगारोन्मुख शिक्षण वातावरण तैयार करना है। फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम में कुल 18 शिक्षकों ने सहभागिता की। इनमें पीएमसीओई शासकीय माधव महाविद्यालय, शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय, उज्जैन तथा शासकीय कन्या स्नातकोत्तर कॉलेज, उज्जैन के शिक्षक शामिल हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को नवीन तकनीकों के उपयोग के साथ-साथ विद्यार्थियों में रोजगारपरक एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रो शुभकामना रकताले, प्रो शुभम कुम्भारे और प्रो हुक्का कटारा की आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका रही!