मुख्‍यमंत्री दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए, 1211.34 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया

उज्जैन, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश में धार्मिक पर्यटन व मंदिरों के पर्यटन का विकास करने की शुरुआत काशी विश्‍वनाथ से की। इसी कड़ी में मध्‍यप्रदेश में महाकाल लोक बनाया गया। मध्‍यप्रदेश सरकार भी इसी क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। टीयर वन और टीयर टू शहरों के साथ साथ उज्‍जैन जैसे धार्मिक शहरों का भी विकास हो रहा है। हमारी सरकार अधोसंरचना विकास को सर्वोच्‍च प्राथमिकता दे रही है। हम सौभाग्‍यशाली है कि 12 वर्ष में एक बार उज्‍जैन में सिंहस्‍थ आता है इस बार सिंहस्‍थ को हम सनातन संस्‍कृति और गौरवशाली परंपराओं के अनुरुप मनाएंगे। लगातार उज्‍जैन में विकास कार्यों का भूमि पूजन हो रहा है। उज्‍जैन की पौराणिक पहचान अंगारेश्‍वर से की जाती है। आज अंगारेश्‍वर के विकास के लिए भी भूमि पूजन किया गया है, इसी के साथ लगभग 1211.34 करोड़ रूपए के विभिन्‍न कार्यों की शुरुआत हो रही है।
मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने आज यह बात उज्‍जैन में आयोजित दिपावली मिलन समारोह एवं निर्माण कार्यों के भूमिपूजन के समय कही। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि 84 महादेव मंदिरों का भी विकास कार्य किया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि 84 लाख योनियों में आत्‍मा विचरण करती है उसके बाद मनुष्‍य योनी प्राप्‍त होती है। 84 लाख योनियों के आधार पर 84 महादेव उज्‍जैन में स्‍थापित है, जो कि लोकजीवन में आस्‍था के केंद्र बने हुए है।

*सिंहस्‍थ मेला क्षेत्र मे पक्‍की सड़के बनेगी*
*त्रिवेणी से लेकर सिद्धवट तक सीवर लाईन डलेगी*

डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सिंहस्‍थ क्षेत्र में पक्‍के काम किए जाएंगे। मेला क्षेत्र में स्‍थाई पक्‍की सड़के बनेगी।पेयजल व सीवर की लाईन डलेगी जिससे साधु संतो को सिंहस्‍थ में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। घाटों के उपर की साईड से श्रद्धालुओं के लिए पैदल चलने का मार्ग बनाया जाएगा। त्रिवेणी से लेकर सिद्धवट तक सीवर लाईन डलेगी जिससे शहर का गंदा पानी शिप्रा में नहीं मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंहस्‍थ के लिए उज्‍जैन विकास प्राधिकरण द्वारा किए जाने वाले 1211.34 करोंड रुपए के विभिन्‍न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर राज्‍यसभा सांसद बालयोगी श्री उमेशनाथ जी महाराज, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेडा, श्री सतीश मालवीय, यूडीए अध्‍यक्ष श्री रवि सोलंकी, मध्‍यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्‍यक्ष श्री ओम जैन, सिंहस्‍थ मेला प्राधिकरण के अध्‍यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्‍यक्ष श्रीमती कलावती यादव, वख्‍फ बोर्ड के अध्‍यक्ष श्री सनवर पटेल, पूर्व सांसद डॉ. सत्‍यनाराण जटिया, पूर्व विधायक श्री राजेन्‍द्र भारती, श्री संजय अग्रवाल उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत में यूडीए के अध्‍यक्ष श्री रवि सोलंकी ने यूडीए द्वारा कराए जाने वाले विभिन्‍न निर्माण कार्यों के बारे में विस्‍तार से जानकारी दी। इस अवसर पर बालयोगी श्री उमेशनाथ जी महाराज ने कहा कि जिस तरह से मध्‍यप्रदेश की सरकार डॉ. मोहन यादव के नेतृत्‍व में धार्मिक स्‍थलों का विकास कर रही है वह रेखांकित करने योग्‍य है। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रधानमंत्री के संकल्‍प को पूरा करने में लगे हुए है।
लोकसभा सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने इस अवसर पर मौजूद नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उज्‍जैन में चल रहे सिंहस्‍थ कार्यों का स्‍वरूप जब निखरेगा तभी लोगों को अनुभूति होगी की यहां जो कार्य हो रहे है वे किस स्‍तर के है।
विधायक श्री अनिल जैन कालूहेडा ने कहा कि प्रदेश सरकार डॉ. मोहन यादव के नेतृत्‍व में जिस तरह से शहर को सिंहस्‍थ के लिए विकसित कर रही है वह अद्वितीय है। मुख्‍यमंत्री ने शिप्रा को सतत प्रवाहमान बनाने के लिए एवं शिप्रा जल से ही सिंहस्‍थ में स्‍नान कराने का संकल्‍प लिया था वह सेवरखेडी- सिलारखेडी परियोजना पूर्ण होने से पूरा होने जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि यदि शहर को विकसित कर महाकाल की नगरी को श्रेष्‍ठ बनाना है तो सब को मिल कर कार्य करना होगा। पूर्व सांसद डॉ. सत्‍यनारायण जटिया ने संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली परस्‍पर स्‍नेह का त्‍यौहार है दीप से दीप जलाए और प्रेम बढ़ाए। कार्यक्रम में महापौर श्री मुकेश टटवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन श्री वि‍जय अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम के बाद सहभोज का आयोजन किया गया।

*मुआवजा राशि का वितरण किया*

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिंहस्‍थ निर्माण कार्यों के लिए अधिगृहित की गई भूमि का मुआवजा 53 किसानों को वितरित किया गया। मुख्‍यमंत्री ने कुल 37 करोड़ 93 लाख रुपए की राशि के चेक किसानों को सांकेतिक रूप से वितरित किए।