उज्जैन,हमारी सरकार स्वामित्व योजना में गांव वालों के मकानों की रजिस्ट्री कर उन्हें मालिक बना रही है और बहनो को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।ग्राम पंचायत ढेडिंया की बहनें अब आत्मनिर्भर बन गई है। वे पास में ही खुले वस्त्र उद्योग में सिलाई का काम करके 12 से 15 हजार रुपए महीने कमा रही है। राज्य शासन का उद्देश्य है कि गांव की ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बनें ग्राम पंचायतें आत्मनिर्भर बनें। इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत ढेडिंया ने प्रदेश में एक अनूठा काम करते हुए मैरिज गार्डन बनाया है। यह लगभग 5 बीघा क्षेत्रफल में फैला है और सर्वसुविधायुक्त है। इससे ग्राम पंचायत की आय बढ़ेगी आमजन को किफायती दर पर मैरिज गार्डन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह बात आज उज्जैन जिले के ग्राम ढेडिंया में 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत भवन सह मेरिज गार्डन का लोकार्पण करते हुए कही।
लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उज्जैन जिले में स्वामित्व पंजीयन योजना के तहत आनलाइन माध्यम से रजिस्ट्री का निष्पादन किया।जिले में अब तक 74791 हितग्राहियों के मकानों की रजिस्ट्री कार्य का निष्पादन किया जा चुका है। स्वामित्व योजना में उज्जैन जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है ।मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले केवल शहर वालों के पास ही रजिस्ट्री हुआ करती थी गांव में मकान की कोई कीमत नहीं होती थी। मध्य प्रदेश सरकार ने अपनी ओर से 10 हजार करोड़ रुपए का बजट रखकर गांव के पट्टेदारों एवं मकान मालिकों के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री की योजना चलाई है। अब गांव में भी मकान की कीमत होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत 50 से 70 लाख लोगों की निःशुल्क रजिस्ट्री की जा रही है। उन्होंने ग्राम ढेडिंया में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यह गांव उज्जैन के बिल्कुल पास में है। यहां के लोग अपने घर में आठ अतिरिक्त कमरे बनाकर होमस्टे चला सकते है। इस तरह के होमस्टे निर्माण के लिए सरकार 02 लाख रुपए तक की मदद देगी तथा बिजली का बिल भी घरेलू दर से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर प्रयास कर रही है। गाय भैंस पालन के लिए ऋण दिया जा रहा है और प्रत्येक ग्राम स्तर पर सांची द्वारा दुग्ध समितियां निर्मित की जा रही है।
*सर्वसुविधायुक्त पंचायत भवन एवं मैरिज गार्डन का लोकार्पण*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्राम ढेडिया में 37 लाख रुपए की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त पंचायत भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस पंचायत भवन में सरपंच, सचिव, पटवारी कक्ष के अलावा एक सर्वसुविधायुक्त मीटिंग हॉल बनाया गया है। इसी के साथ प्रदेश में पहली बार किसी ग्राम पंचायत में एक करोड़ 80 लाख रुपए की लागत का 5 बीघा क्षेत्र में मैरिज गार्डन बनाया गया है। यह ग्राम पंचायत ढेंडिया के स्वामित्व में बना प्रदेश का ऐसा पहला मैरिज गार्डन है जिसमें 26 सर्वसुविधायुक्त कमरे, 12,880 वर्गफीट का विशाल डोम तथा 3,600 वर्गफीट का किचन शेड बनाया गया है। गार्डन सौंदर्यीकरण के लिए आकर्षक ग्रीन लॉन, छोटा स्विमिंग पूल एवं भव्य स्टेज की व्यवस्था की गई है।
स्वामित्व पंजीयन योजना के कार्यक्रम में इस योजना के तहत श्रेष्ठ कार्य करने वाले तहसीलदार एवं पटवारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले तहसीलदारों में श्री अनिरुद्ध मिश्रा तथा पटवारी श्री कृष्णचंद्र शर्मा, कार्तिकेय सेंगर, कमलेन्द्र मिश्रा, कमलदीप शर्मा, हरीश पारिया, देवेंद्र पालिवाल, अंजली ढोले, रामेश्वर वारसी, श्यामसुंदर शर्मा, सुनील चौहान, राहुल भाटी, राधेश्याम शर्मा, दर्शना राठौर शामिल है।
कार्यक्रम में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, श्री जयसिंह दरबार, श्री संजय अग्रवाल, श्री कमल बैरवा, श्री जगदीश पांचाल, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा, सरपंच श्रीमती सावित्री नरेंद्र पोरवाल, सचिव रामेश्वर जी एवं गणमान्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
