दर्शन के दौरान परिजनों से बिछड़ी 70 वर्षीय वृद्ध महिला को महाकाल थाना पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाया

उज्जैन,उज्जैन दर्शन हेतु अपने परिजनों के साथ आईं लीला सिंह पति ओमप्रकाश सिंह, उम्र 70 वर्ष, निवासी लतीफपुर, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश दर्शन के दौरान अपने परिवार से बिछड़ गईं।

वृद्ध महिला के पास परिजनों का मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं था, जिससे उन्हें अपने परिवार से संपर्क करने में परेशानी हो रही थी। सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी महाकाल श्री गगन बादल द्वारा महिला की सहायता एवं उनके परिजनों की तलाश हेतु उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह एवं पुलिस टीम को लगाया गया।

पुलिस टीम द्वारा महिला से प्राप्त जानकारी के आधार पर उनके गांव एवं संबंधित थाना क्षेत्र की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद संबंधित थाना एवं ग्राम प्रधान से संपर्क कर ग्राम प्रधान का मोबाइल नंबर प्राप्त किया गया। ग्राम प्रधान के माध्यम से महिला के साथ उज्जैन आए उनके परिजनों के मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क किया गया। पुलिस टीम द्वारा परिजनों को सूचना देकर महिला को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपने परिजन से सकुशल मिलकर वृद्ध महिला एवं उनके परिवारजनों ने उज्जैन पुलिस की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस टीम का धन्यवाद किया।