निगम आयुक्त ने कार्यालयीन समय में अनुपस्थित कर्मचारियों पर वेतन कटौती एवं कारण बताओ नोटिस जारी करने के दिए निर्देश

उज्जैन, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा द्वारा मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय का कार्यालयीन समय में विभागों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की उपस्थिति, नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति का जायजा लिया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालयीन समय में सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर नागरिकों एवं हितग्राहियों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें*
*निगम आयुक्त श्री मिश्रा ने समग्र सेल एवं जन्म-मृत्यु विभाग सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए उपस्थित कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी ली। इसx दौरान आयुक्त ने अनुपस्थित कर्मचारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना अनुमति अथवा उचित कारण के कार्यालयीन समय में अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए*
*आयुक्त श्री मिश्रा ने कहा कि नगर निगम मुख्यालय का निर्धारित कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक है। इस अवधि में अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य है, ताकि नगर निगम में अपनी समस्याओं एवं कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों और हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग में कर्मचारी समय पर उपस्थित रहें और नागरिकों के कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए*

*वृद्ध महिला की समस्या सुनकर तत्काल कराया आधार अपडेट*

*निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा द्वारा नगर निगम मुख्यालय में अपनी समस्या लेकर पहुंची एक वृद्ध महिला से भी चर्चा की। महिला ने बताया कि विधवा पेंशन लंबित होने के कारण पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हो पा रही है। महिला की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी निकलवाई, जांच में सामने आया कि महिला का आधार अपडेट नहीं होने के कारण पेंशन संबंधी प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। निगम आयुक्त ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए आधार केंद्र पहुंचकर महिला का आधार बायोमैट्रिक अपडेट करवाया। आधार अपडेट की प्रक्रिया पूर्ण होने से महिला की पेंशन पुनः प्रारंभ होने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी*
*आयुक्त श्री मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निगम मुख्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए कार्यालयीन अनुशासन के साथ-साथ जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए!