सीईओ जिला पंचायत द्वारा प्राप्त आवेदनों पर जनसुनवाई की गई

उज्जैन,कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट के द्वारा प्रशासनिक संकुल भवन के सभा कक्ष में मंगलवार को 112 आवेदनों पर जनसुनवाई की गई तथा प्राप्त प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए गए।

खाचरोद विकासखंड के ग्राम आक्याकोली के निवासियों ने आवेदन देकर शिकायत की कि पंचायत के विकास के लिए प्रदाय की गई राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। इस पर जिला पंचायत की शिकायत शाखा के प्रभारी अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शंकरपुर मक्सी रोड निवासी संतोष बाई ने आवेदन दिया कि वे गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करती हैं तथा उनके पास रहने के लिए आवास नहीं है। अतः उन्हें आवासीय पट्टा प्रदान किया जाए। इस पर इस पर एसडीएम उज्जैन शहर को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

घट्टिया विकासखंड के ग्राम खलाना निवासी अनवर खान ने आवेदन दिया कि वे अतिथि शिक्षक हैं तथा उनके द्वारा काउंसलिंग में भाग लिए जाने के बावजूद उन्हें विद्यालय आवंटित नहीं हुआ है। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उज्जैन निवासी नीता परमार ने आवेदन दिया कि उनके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति के द्वारा नियमों के विरुद्ध जाकर भवन निर्माण किया जा रहा है। जिसके कारण उन्हें और आसपास के रहवासियों को काफी असुविधा हो रही है । इस पर नगर पालिका निगम के जोनल अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

महिदपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत कामल्याखेड़ी के निवासियों ने आवेदन देकर शिकायत की कि गांव में बारिश के पानी के निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, जिस कारण से गांव वालों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। अतः कृपया पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था की जाए। इस पर एसडीएम महिदपुर को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

विकासखंड खाचरोद के ग्राम आक्याजागीर निवासी गंगाबाई ने आवेदन दिया कि वे काफी समय से कृषि कार्य कर अपने आप परिवार का भरण पोषण कर रही हैं, कुछ समय से गांव में रहने वाले एक व्यक्ति के द्वारा उनकी कृषि भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने के इरादे से उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है तथा आए दिन किसी ने किसी बात पर वाद विवाद किया जाता है। इस पर एसडीओपी खाचरोद को पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

तराना विकासखंड के ग्राम कचनारिया निवासी अंजू बाला ने आवेदन देकर शिकायत की कि वे काफी समय से ग्राम के उप स्वास्थ्य केंद्र में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थीं , लेकिन कुछ दिन पूर्व अकारण ही उन्हें सेवा से हटा दिया गया है। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार एडीएम श्री अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।