वृद्ध एवं दिव्यांग व्यक्ति के साथ मारपीट एवं गाली-गलौज के मामले में आरोपियों की पहचान कर की गई वैधानिक कार्यवाही

उज्जैन, थाना खाराकुआं क्षेत्र अंतर्गत गेबी हनुमान मंदिर के सामने मगरमुहा गली स्थित एक दुकान के ओटले पर एक वृद्ध एवं दिव्यांग व्यक्ति के साथ 04-05 अज्ञात युवकों द्वारा मारपीट, गाली-गलौज एवं मारपीट का मामला सामने आया है।

फरियादी द्वारा थाना उपस्थित होकर मौखिक रिपोर्ट में बताया गया कि मगरमुहा गली में एक दुकान के ओटले पर जगदीश पिता मुन्नालाल, निवासी निकास चौराहा, उम्र करीब 60-65 वर्ष, जो वृद्ध एवं दिव्यांग हैं तथा गेबी हनुमान मंदिर के आसपास भिक्षा मांगकर जीवन-यापन करते हैं, के साथ 04-05 युवकों द्वारा मारपीट की जा रही थी।

फरियादी के अनुसार उक्त युवक जगदीश शर्मा के साथ मारपीट करते हुए गाली-गलौज कर रहे थे तथा उसे वहां से चले जाने की धमकी दे रहे थे। फरियादी द्वारा घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया गया।

घटना के संबंध में फरियादी एवं उसके पड़ोसियों अशोक हाड़ा एवं तुषार हाड़ा द्वारा जगदीश शर्मा से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उक्त युवक आए दिन उसके साथ विवाद एवं मारपीट कर परेशान करते हैं तथा वहां से चले जाने, अन्यथा जान से खत्म करने की धमकी देते हैं।इसी क्रम में थाना खाराकुआं पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाकर घटना में संलिप्त पांचों बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है।