खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक 15 मीटर चौड़ा होगा मार्ग कार्य हुआ प्रारंभ

उज्जैन,सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों को दृष्टिगत रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के विकास एवं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए उज्जैन नगर पालिक निगम द्वारा लगातार कार्य किए जा रहे हैं। माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के निर्देशों के क्रम में महापौर श्री मुकेश टटवाल एवं निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव के मार्गदर्शन में इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक लगभग 730 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किए जाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई है। मार्ग चौड़ीकरण एवं विकास कार्य के लिए राज्य शासन द्वारा प्रदत्त लगभग 9.80 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जाएगी*
*यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण एवं व्यस्त संपर्क मार्गों में शामिल है। सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं वाहनों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए मार्ग का चौड़ीकरण यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण होगा। सड़क के चौड़ीकरण से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ आम नागरिकों एवं व्यापारियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी*

*नागरिकों ने स्वयं आगे बढ़कर दिया सहयोग*

*प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण से कुल 272 भवन प्रभावित होना प्रस्तावित हैं। नगर निगम द्वारा मार्ग की नपती, सड़क सीमा की मार्किंग तथा प्रभावित भवन स्वामियों को नियमानुसार नोटिस देने की कार्रवाई पूर्ण की जा चुकी है। इसके बाद शनिवार से क्षेत्र के नागरिकों द्वारा स्वयं आगे बढ़कर अपने मकानों के चिह्नित हिस्से को हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई जिसमें श्री विनोद राठौड़ एवं श्री रविंद्र कुमार राठौर द्वारा अपने मकान के चिन्हित भाग को हटाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है और कहां की शहर विकास में सहयोग करना हमारी जिम्मेदारी है और हम सभी क्षेत्रवासी इस मार्ग के चौड़ीकरण होने से काफी उत्साहित भी है*
*मार्ग चौड़ीकरण की कार्रवाई में नागरिकों द्वारा जिस प्रकार सहयोग एवं सकारात्मक सहभागिता दिखाई जा रही है, उससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। नागरिकों का मानना है कि मार्ग चौड़ा होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। नागरिकों का यह सहयोग शहर के विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है*

*निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश*

*नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने शनिवार को प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण करते हुए सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित भवन स्वामियों एवं क्षेत्रवासियों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तथा निर्धारित समयावधि में कार्यवाही को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को नागरिकों के सहयोग एवं समन्वय के साथ आगे बढ़ाते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके*
*निरीक्षण के दौरान भवन अधिकारी श्री राजकुमार राठौर, सहायक यंत्री श्री डी.एस. परिहार, उपयंत्री श्री शिवम गुप्ता एवं श्री राजेंद्र रावत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे!