उज्जैन, जो भी खिलाड़ी खेलने के लिए मैदान पर आया है, वह विजेता है। खेल को सद्भावना से खेलें । यही खेल भावना है । इसमें हार और जीत का कोई अर्थ नहीं है । खेल खेलना अधिक महत्वपूर्ण है । प्रत्येक खिलाड़ी को खेल भावना का पालन करना चाहिए । आयोजक होने के नाते हम सभी दलों का स्वागत करते हैं । ये उद्गार महानंदानगर स्पोर्ट्स एरिना में आयोजित उच्च शिक्षा विभाग की संभागीय बेडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय की विदुषी प्राचार्य डॉ कल्पना वीरेन्द्र सिंह ने व्यक्त किए । पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ हरीश व्यास ने सभी को अपनी शुभकामनाएं दीं । शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के बेडमिंटन प्रतियोगिता विशेषज्ञ प्रो दीपेंद्र रघुवंशी ने अपने खिलाड़ी जीवन के अनुभव सभी दलों से साझा किए । उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां सीखना चाहिए । माधव महाविद्यालय के ऊर्जावान क्रीडा अधिकारी श्री नवीन कोरट के प्रयासों से आयोजित सम्भाग स्तरीय बेडमिंटन पुरुष प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने प्राचार्य डॉ कल्पना सिंह की भावना के अनुरूप उच्च स्तरीय खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए भाग लिया । उज्जैन, रतलाम, नीमच, मंदसौर, आगर, शाजापुर और देवास- इस प्रकार 07 जिले की टीमों के खिलाड़ियों ने बेडमिंटन कोर्ट पर अपने जौहर दिखाए । इस प्रतियोगिता के फ़ाइनल मुक़ाबले में उज्जैन जिले ने रतलाम जिले को पराजित किया । इस प्रकार उज्जैन जिले को विजयश्री प्राप्त हुई । प्राचार्य डॉ कल्पना सिंह और डॉ हरीश व्यास जी ने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया ।
इस अवसर पर वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी श्री राजकुमार कौरव, शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय के श्री संजीत राय, माधव महाविद्यालय के डॉ बी एस अखण्ड, डॉ दिनेश जोशी, डॉ रफ़ीक नागौरी, प्रो रायसिंह सोलंकी, प्रो नुसरत सुल्ताना, प्रो लाखन सिंह कुशवाह, प्रो नलिनी तिलकर आदि उपस्थित रहे ।
। निर्णायक रहे श्री योगेश बैंडवाल । श्री योगेश ने मैच से पहले खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के नियम बताए । कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन किया अर्थशास्त्र विभाग की प्रो रीना अर्थव्यु ने!
