आम जन किसी भी अफवाह पर ध्‍यान न दे- कलेक्‍टर श्री सिंह

उज्जैन, सिंहस्‍थ 2028 के लिए उज्‍जैन शहर में किए जा रहे सड़कों के चौडीकरण के क्रम में आज छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्‍से को समाज के लोग स्‍वेच्‍छा से हटा रहे है। इस संबंध में कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा की बीती रात में समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई और बैठक के बाद यह तय हुआ कि समाज जन ही शाही मस्जिद के जो हिस्‍से चौड़ीकरण की जद में आ रहे है उन्‍हें स्‍वयं हटाएंगे।
कलेक्‍टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री रौशन कुमार सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह से ही उक्‍त धर्म स्‍थल के कुछ हिस्‍सों को हटाने का कार्य सहमति अनुसार समाज जन ही कर रहे है और इसमे किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। मार्ग चौड़ीकरण का काम शहर के मास्टर प्लान के अनुसार ही किया जा रहा है। कलेक्‍टर ने बताया कि सुबह कुछ असामाजिक तत्‍वों द्वारा इस कार्य में व्‍यवधान पहुंचाने की कोशिश की गई जिसे पुलिस द्वारा तुरंत नियंत्रित किया गया। चौड़ीकरण के कार्य में हर वर्ग और हर धर्म के लोग मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आव्हान पर बढ़-चढ़कर हिस्‍सा ले रहे है। कलेक्‍टर ने आम जन का आव्हान किया है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्‍यान न दे स्थित शांति‍पूर्ण और नियंत्रण में है।

*शहर काजी एवं समाज के पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठजनो ने संदेश जारी किये*

शहर काजी खलिकुरर्हमान ,समाज के पदाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ जनों ने आज संदेश जारी कर मुस्लिम समाज से अ‍पील की है कि मस्जिद का मसला मिल बैठकर हल कर लिया गया है। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्‍यान ना दिया जाए। उन्‍होंने समाज जन से आव्हान किया है कि वे अनावश्‍यक घरों के बाहर न निकले।

वरिष्‍ठ अधिकारी मौके पर नजर रखे हुए है
छत्री चौक पर चल रहे चौडीकरण कार्य पर निगरानी रखने के लिए संभागायुक्‍त श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्‍ता, डीआईजी श्री नवनीत भसीन, कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्र‍दीप शर्मा, नगर निगम आयुक्‍त श्री अभिलाष मिश्रा लगातार टीम के साथ मौके पर मौजूद है।