उज्जैन,स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत उज्जैन नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों के सम्मान एवं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बुधवार को होटल अथर्व में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महापौर श्री मुकेश टटवाल एवं निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की थीम “सम्मान सफाई मित्रों का, संकल्प स्वच्छ भारत का” रही।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, स्वास्थ्य समिति प्रभारी श्री सत्यनारायण चौहान, एमआईसी सदस्य श्री रजत मेहता, श्री कैलाश प्रजापत, डॉ. योगेश्वरी राठौर, अपर आयुक्त श्री पवन कुमार सिंह, उपायुक्त श्री योगेंद्र सिंह पटेल, सहायक आयुक्त श्री रविकांत मगरदे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहे।
*सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण, पीपीई किट का वितरण*
आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। अपने कार्य के प्रति उत्कृष्टता एवं समर्पण प्रदर्शित करने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया तथा सुरक्षा की दृष्टि से पीपीई किट वितरित की गईं।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के अंतर्गत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संदेश एवं जनभागीदारी पर आधारित नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति भी दी गई। वहीं, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के सौजन्य से सफाई मित्रों को मोमेंटो प्रदान कर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में महापौर श्री मुकेश टटवाल ने कहा कि सफाई मित्र नगर निगम परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। वे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को पूरी जिम्मेदारी, समर्पण और निरंतरता के साथ संभालते हैं। उनके अथक परिश्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा से उज्जैन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।
महापौर श्री टटवाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उनकी मेहनत और समर्पण से ही उज्जैन की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलती है तथा शहर का गौरव बढ़ता है। सफाई मित्र अपने महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मान के पात्र हैं।
निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा, “आप सभी सफाई मित्रों को बारंबार प्रणाम है।” उन्होंने कहा कि सफाई मित्र वर्ष के 365 दिन शहर की स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालते हैं और दिन-रात पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई मित्रों की मेहनत, लगन और समर्पण से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होती है। स्वच्छ एवं सुंदर उज्जैन के निर्माण में उनकी भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रहेगी। निगम अध्यक्ष ने सभी सफाई मित्रों को उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं।
*जीरो वेस्ट इवेंट के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश*
स्वच्छता ही सेवा अभियान के संदेश को व्यवहार में उतारते हुए पूरे कार्यक्रम को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित किया गया। आयोजन के माध्यम से स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपशिष्ट को कम करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में श्री जगदीश पांचाल, पार्षद प्रतिनिधि श्री बाबूलाल वाघेला, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड से श्री स्वराज रिलेकर सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।