अब महाँकाल मंदिर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को मिलेगा बाबा महाकाल को अर्पित प्रसाद

उज्जैन, माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अभिनव पहल की जा रही है। इसके तहत मंदिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल को अर्पित की गई प्रसादी उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

इस व्यवस्था के लिए मंदिर के प्रमुख स्थानों पर विशेष काउंटर स्थापित किए जाएंगे। प्रथम चरण में मंदिर परिसर तथा निर्गम चैनल के समीप काउंटर के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया जाएगा।

श्रद्धालुओं को परंपरागत प्रसादी के साथ बाबा महाकाल को अर्पित पुष्प एवं बेलपत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बाबा महाकाल का आशीर्वाद स्वरूप प्रसादी सहज रूप से उपलब्ध कराना तथा उनकी धार्मिक आस्था से जुड़े अनुभव को और अधिक सार्थक बनाना है।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक भावनाओं को केंद्र में रखते हुए इस व्यवस्था को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा।